राष्ट्रपति मुर्मू ने छात्रों को सिखाया पर्यावरण संरक्षण का पाठ

अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छात्रों से बातचीत की। ग्लोबल वार्मिंग और इसे रोकने के तरीकों पर उन्होंने राष्ट्रपति भवन में छात्रों से चर्चा की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने छात्रों को सिखाया पर्यावरण संरक्षण का पाठ

एक शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए राष्ट्रपति ने डाक्टर राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय की नवीं कक्षा की छात्रों के साथ बात-चीत की।

इस दौरान ग्लोबल वार्मिंग और इसे रोकने के तरीकों के अलावा जल संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, साथ ही जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए बच्चों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

संवाद की शुरुआत में राष्ट्रपति ने छात्रों से उनकी महत्वाकांक्षाओं को जाना। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 53 बच्चियों की इस कक्षा में अधिकतर वैज्ञानिक और डॉक्टर बनने की इच्छुक हैं।

राष्ट्रपति ने सवाल किया- “दुनिया भर में वैज्ञानिक, लोग, प्रशासक और शासक एक बहुत बड़ी समस्या पर संगोष्ठियां, शिखर सम्मेलन और सेमिनार आयोजित करते हैं। क्या आप जानते हैं कि यह क्या है?” इस पर तुरंत जवाब मिला “जलवायु परिवर्तन”, “ग्लोबल वार्मिंग” और “पर्यावरण प्रदूषण”।

पानी को संरक्षित करने की आवश्यकता के साथ राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें स्कूल में छह मौसमों के बारे में पढ़ाया गया था, लेकिन अब चार मौसमों को महसूस करते हैं। आगे उन्होंने कहा- “इन चार में से, हम ग्लोबल वार्मिंग के कारण अधिकतम समय तक गर्मी महसूस करते हैं। दिन-प्रतिदिन तापमान बढ़ रहा है और न केवल मनुष्य बल्कि पशु, पक्षी और पेड़ सभी इसका असर महसूस करते हैं।”

मुर्मू ने कहा-”हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। पानी की बर्बादी को कम करने और इसे संरक्षित करने के लिए भी कदम उठाने चाहिए। हमें पानी को संरक्षित करने के लिए वर्षा जल संचयन गड्ढे बनाने चाहिए।”

पेड़ों की कटाई पर राष्ट्रपति ने कहा कि जरूरत से ज्यादा पेड़ काटे जा रहे हैं। उन्होंने अधिक पेड़ लगाने, वनों को संरक्षित करने और वायु प्रदूषण को कम करने की बात कही।

बच्चों से राष्ट्रपति ने कहा- ”आप ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव के बारे में बहुत जागरूक हैं। मुझे यकीन है कि जब आप बड़े होंगे, तो सभी लोगों के प्रयास से ग्लोबल वार्मिंग निश्चित रूप से कम हो जाएगी।”

बताते चलें कि देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई 2022 को शपथ ली थी। इस पद को संभालने से पहले, वह 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी है और अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर आज उन्होंने बच्चों के साथ इस तरह समय बिताया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *