प्रधान मंत्री मोदी का राजस्थान दौरा

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करने के लिए शनिवार को जयपुर पहुंचे।

वायुसेना के विशेष विमान से उनके सांगानेर हवाई अड्डे पहुंचने पर राजस्थान के राज्यपाल कल्याणसिंह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनकी अगवानी की। हवाई अड्डे पर कुछ क्षण रूकने के बाद प्रधानमंत्री वहां से सेना के एक हेलीकाप्टर से सवाईमान सिंह स्टेडियम रवाना हो गए जहां से वह सडक मार्ग से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करने सभा स्थल ‘अमरूदों के बाग’ पहुंच गए है।

 

सांगानेर हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिये जयपुर के मेयर अशोक लाहोटी, मुख्य सचिव डी बी गुप्ता और पुलिस महानिदेशक ओपी गलहोत्रा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। अमरूदों के बाग में प्रधानमंत्री केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार ने 33 जिलों से लाभार्थियों को जयपुर में पीएम मोदी से संवाद करने के स्थान तक लाने के लिए 5579 बसें लगाई हैं। जयपुर में वाहनों के लिए 33 जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मोदी के कार्यक्रम में करीब 2.5 लाख लाभार्थियों के जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम में शामिल लोगों को होटलों और धर्मशालाओं में सरकारी खर्च पर रखा गया है। इनकी मेहमान नवाजी के लिए सरकारी अधिकारी तैनात किए गए हैं।

 

पीएम मोदी की लाभार्थी सभा को ध्यान में रखते हुए राज्य में होने वाली न्यायिक परीक्षा को टाल दिया गया है। साथ ही शिक्षकों की काउंसलिंग भी आगे बढ़ा दी गई है। वहीं जयपुर के स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है। पीएम मोदी अपने उन लोगों से ख़ास संवाद करेंगे जिन्हें केंद्र की ओर राज्य सरकार की अनेक योजनाओं से लाभ हुआ हैं। ऐसे लाभार्थियों के लिए ख़ास बैग और दुपट्टों की तैयारी की गई है। हर योजना के लाभार्थी को योजना के हिसाब से अलग-अलग रंग के दुपट्टे रैली के दौरान पहनाने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *