क्रिकेटर एमएस धोनी को उनके शांत स्वभाव की वजह से ‘कैप्टन कूल’ के भी नाम से पहचान मिली है। पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने इस नाम को अपना ट्रेडमार्क बनाने का फैसला लिया है और इसके लिए उन्होंने बड़ा कदम उठाया है।

धोनी के इस फैसले को अमलीजामा पहनाने के बाद अब कोई दूसरा शख्स या संस्थान इस शब्द को इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। दरअसल धोनी ने कुछ दिन पहले Captain Cool नाम को ट्रेडमार्क कराने के लिए आवेदन दिया था। ट्रेड मार्क्स रजिस्ट्री पोर्टल ने इस आवेदन को स्वीकार कर लिया गया है। इसका अर्थ हुआ कि अब कोई दूसरा शख्स या संस्था इस नाम को इस्तेमाल नहीं कर सकता है।
धोनी को कैसे मिला कैप्टन कूल का खिताब
कप्तानी संभालने के बाद महेंद्र सिंह धोनी को यह उपनाम मिला था। दरअसल उनका शांत स्वभाव और तनावपूर्ण स्थिति में भी धैर्य बनाए रखने की खूबी के चलते उन्हें यह खिताब दिया गया था। अपनी इस खूबी की बदौलत धोनी कठिन हालात से जूझते हुए मुश्किल समय से गुजरने का फन जानते थे। उनके इस गुण की हर कोई सराहना भी करता है। यही कारण है कि उन्हें कैप्टन कूल का खिताब भी दिया गया।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात का दावा किया गया है की धोनी इस ट्रेडमार्क का इस्तेमाल खास तौर पर अपने ट्रेनिंग और कोचिंग सेंटर के लिए करना चाहते हैं। इस पर धोनी की वकील मानसी अग्रवाल का कहना है कि यह कदम धोनी की पर्सनल ब्रांडिंग को सुरक्षित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उन्होंने ये जानकारी भी दी कि ट्रेडमार्क के आवेदन पर एक आपत्ति भी दर्ज की गई थी। इसमें कहा गया था कि इस नाम से पहले से ट्रेडमार्क रजिस्टर्ड है। इसके जवाब में धोनी की कानूनी टीम ने तर्क दिया कि ‘कैप्टन कूल’ का उनके साथ एक स्पष्ट, अनूठा संबंध है।
अपनी दलील में उन्होंने कहा कि इस उपनाम का इस्तेमाल प्रशंसकों और मीडिया द्वारा वर्षों से व्यापक रूप से किया जाता रहा है और यह धोनी की सार्वजनिक पहचान का हिस्सा बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि चूंकि इस ट्रेडमार्क का उपयोग खेल और मनोरंजन सेवाओं के लिए किया जाएगा, इसलिए भ्रम की संभावना बहुत कम है। इन दलीलों के बाद रजिस्ट्रेशन पर आई आपत्ति को खारिज कर दिया गया।
43 की उम्र में धोनी अभी भी आईपीएल में एक्टिव हैं और लगातार खेल रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की थी मगर उनकी टीम इस सीजन कुछ खास नहीं कर सकी।
याद दिला दें कि धोनी के नेतृत्व में भारत को 2007 में टी 20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप के अलावा 2013 में आईसीसी चैंपियन ट्रॉफी जीती है। धोनी ने साल 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
