पत्रकार नवलकांत पर जानलेवा हमला करने वाले गिरफ्तार

लखनऊ: राजधानी के जाने-माने पत्रकारों में शुमार नवलकांत सिन्हा पर जानलेवा हमला करने वाले दो बदमाशों को लखनऊ पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों का नाम वैभव सिंह और नीरज दीक्षित हैं। गिरफ्तार दोषियों में से वैभव सिंह रिलायंस जियो का मैनेजर है। आरोपी को जब पुलिस थाने में लाई तो वह खुद को आईजी कानपुर आलोक सिंह का रिश्तेदार बताकर पुलिस पर धौंस जमा रहा था।

 

प्रमुख सचिव गृह अरविन्द कुमार ने इससे इंकार करते हुए कहा है कि उन्होंने खुद आईजी कानपुर आलोक सिंह से बात की है। उनका इस नाम का कोई भांजा नहीं है। पुलिस पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है।

 

आपको बता दें कि 19 जनवरी की देर रात वरिष्ठ पत्रकार की गाड़ी का पीछा कर बदमाशों ने हमला बोल दिया था। पत्रकार के सिर व आंखों के पास गंभीर चोटें आईं थीं। वरिष्ठ पत्रकार नवलकांत सिन्हा पर हमला होने के बाद से मीडिया जगत में हड़कंप मच गया। इसके बाद 20 जनवरी को दिनभर पत्रकारों के हो—हल्ला मचाने के बाद राजधानी पुलिस की नींद टूटी और बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *