एक जापानी व्यक्ति ने अपनी असामान्य रूप से लंबी, नुकीली ठुड्डी का मज़ाक उड़ाए जाने पर नाराज़ होने के बजाय उसे कमाई का ज़रिया बना लिया। उनकी कहानी शोगो योशिदा की कहानी से मिलती-जुलती है, जो एक जापानी हेयरड्रेसर था और जिसकी उंगलियां गेंद की तरह गोल थीं।

जोनोचिच1 (@Jonouchich1) नाम से मशहूर इस जापानी व्यक्ति ने अपनी शारीरिक बनावट की उस खामी को अपना फायदा बना लिया। इस तरह से उसने नाराज़ हुए बिना दुनिया को यह बेमिसाल सीख भी दे डाली कि कोई इंसान कैसे अपनी कमी को किसी लायकी में बदल सकता है।
इस युवा जापानी यू ट्यूबर का उसकी असामान्य रूप से लंबी, नुकीली ठुड्डी के लिए मज़ाक उड़ाया गया है। इतना ही नहीं उसकी तुलना एनीमे के किरदारों से की भी गई। लेकिन उसने कभी भी मज़ाक को खुद पर हावी नहीं होने दिया, बल्कि अपनी अनोखी शक्ल का इस्तेमाल ज़्यादा ध्यान खींचने के लिए किया।
जोनोचिच के ज़्यादातर यू ट्यूब और टिक टॉक क्लिप उसकी ठुड्डी के इर्द-गिर्द घूमते हैं, जो उसका निजी ब्रांड बन गई है और लोगों का ध्यान और खींचकर उन्हें हैरान करने के साथ उनका मनोरंजन भी करती है। दरअसल यह एक जापानी कॉमिक किरदार मंगा (manga) की उभरी हुई ठुड्डी जैसी दिखती है। दरअसल, जोनोविच का सोशल मीडिया हैंडल यू-गि-ओह के किरदार कात्सुया जोनोचिच (Katsuya Jonouchi) से प्रेरित है।
जोनोविच के लगभग 3,50,000 यू ट्यूब प्रशंसक लंबे समय से उनसे उनकी आकर्षक ठुड्डी का एक्स-रे करवाने के लिए कह रहे थे। अब जोनोविच ने हाल ही में यह काम भी करवाया लिया है। जोनोविच ने कहा कि डॉक्टरों ने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा था, लेकिन उनका मानना है कि यह संभवतः आनुवांशिक है।
जोनोविच लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि बचपन में वे बहुत सारा दूध पीते थे और उनका अनुमान था कि कैल्शियम की वजह से उनका निचला जबड़ा बड़ा हुआ है, लेकिन डॉक्टरों ने उनके इस दावे को खारिज कर दिया है।
जोनोविच का कहना है कि वे अपने परिवार में इतने लंबे और नुकीले ठुड्डी वाले इकलौते व्यक्ति हैं। वे अपने प्रशंसकों को अपनी तीन साल की उम्र की तस्वीरें दिखाते हैं, जिनमें उनकी ठुड्डी बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन पाँच साल की उम्र तक उनकी ठुड्डी बढ़ने लगी थी।
हालाँकि उनकी ठुड्डी समय-समय पर मज़ाक का विषय रही है और कई लड़कियों ने उन्हें अस्वीकार भी किया है, लेकिन वे इसे अपने सोशल मीडिया फ़ॉलोअर्स के लिए एक संपत्ति मानते हैं।











