गगनयान मिशन टेस्ट के अपडेट पर इसरो चीफ ने सुनाई खुशखबरी

मिशन गगनयान से जुड़े ट्रायल पर अच्छी खबर सामने आई है। इसरो चीफ एस सोमनाथ के मुताबिक़ गगनयान मिशन के टेस्टिंग व्हीकल से अलग हुए क्रू मॉड्यूल को बंगाल की खाड़ी से बरामद कर लिया गया है।

गगनयान मिशन टेस्ट के अपडेट पर इसरो चीफ ने सुनाई खुशखबरी

कल सुबह 10 बजे सफलतापूर्वक लॉन्च किये गए पहले टीवी-डी1 परीक्षण यान का क्रू मॉड्यूल रॉकेट से अलग होने के बाद योजना के अनुसार बंगाल की खाड़ी में गिर गया था। इसे चेन्नई पोर्ट पर लाया गया।

नौसेना से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वी नौसैन्य कमान इकाइयों ने क्रू मॉड्यूल को बरामद कर लिया है। इसके लिए व्यापक योजना के तहत नौसेना और इसरो की संयुक्त टीमने मिलकर इन तमाम कार्रवाइयों को सिसिलेवार अंजाम दिया।

इसरो चीफ एस सोमनाथ ने जानकारी दी है कि ‘क्रू मॉड्यूल अब समुद्र से पूरी तरह से बरामद हो गया है। इसे चेन्नई बंदरगाह पर लाने में भी कामयाबी मिल गई है। आगे उन्होंने बताया- ‘सबकुछ ठीक है, सब सामान्य है। कोई विसंगति नहीं दिखी।’

पूर्वी नौसैन्य कमान ने सोशल मीडिया पर ‘क्रू मॉड्यूल’ के सफलतापूर्वक बरामद किये जाने की तस्वीर साझा की।

मिशन की कामयाबी की जानकारी देते हुए इसरो प्रमुख ने खुलासा किया कि सभी डेटा बहुत अच्छे हैं। आगे वह कहते हैं कि इसरो गगनयान मिशन के लिए सिलसिलेवार परीक्षण करेगा।

बताते चलें कि ‘क्रू मॉड्यूल’ वह संरचना है, जिसमे गगनयान मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में दबावयुक्त पृथ्वी जैसे वातावरण के बीच रखा जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *