प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम-2026 का उद्घाटन किया। मुंबई में आयोजित इस आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों का संबंध नवाचार के साथ-साथ भरोसे और साझा मूल्यों पर आधारित है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और फ्रांस ने वर्ष 2026 को ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। आयोजन में प्रधानमंत्री ने भारत और फ्रांस जैसे दो बड़े इनोवेशन हब के एक साथ आने को वैश्विक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने इसे केवल उत्सव नहीं, बल्कि साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
भारत-फ्रांस संबंधों को अद्वितीय बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रॉन के नेतृत्व में दोनों देशों की साझेदारी को अभूतपूर्व गहराई और गतिशीलता मिली है और अब यह विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंच रही है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में भी भारत के युवा ‘इनोवेशन फॉर ग्लोबल गुड’ के लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत ने अपनी हजारों वर्षों की यात्रा में गणित, चिकित्सा, धातु विज्ञान और वास्तुकला जैसे क्षेत्रों में मानव कल्याण के लिए निरंतर नवाचार किया है।
इस सहयोग के साथ वैश्विक स्थिरता और प्रगति के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के साथ मिलकर ऐसा हेलीकॉप्टर बनाने की बात कही जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम होगा। आगे उन्होंने कहा कि इसका निर्माण भारत में किया जाएगा और इसे वैश्विक बाजार में निर्यात किया जाएगा।

















