भारतीय ओलंपिक संघ ने भारत को 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए मंजूरी दे दी है। संघ ने बीते दिन एक विशेष आम बैठक (SGM) में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की बोली को मंजूरी दी। बोली के लिए दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। ऐसे में यह मंज़ूरी समय सीमा से पहले ही मिल गई है।

भारत की ओर से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद को मेजबान शहर बनाने का प्रस्ताव पहले ही रखा जा चुका है। देश को 31 अगस्त की समय सीमा से पहले अंतिम बोली जमा करनी होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि दिल्ली और भुवनेश्वर पर भी विचार किया जाएगा।
पीटी उषा ने यह भी कहा- ‘मुझे खुशी है कि सभी एक साथ हैं, और यह सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय है, और हमारी तैयारियां आगे बढ़ेगी। हम अभी यह नहीं कह सकते कि अहमदाबाद मेजबान शहर होगा या नहीं। हमारे पास भुवनेश्वर और दिल्ली में भी अच्छी सुविधाएं हैं।’
बताते चलें कि हर चार साल बाद होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का अगला आयोजन 2026 में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में होना है। उसके बाद होने वाला अगले 2030 के राष्ट्रमंडल खेल भारत की मेजबानी में होने पर यह यहाँ यह आयोजन 2010 के बाद दूसरी बार होगा।
कबड्डी और खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों को शामिल किए जाने का समर्थन करते हुए आईओए के संयुक्त सचिव कल्याण चौबे ने मीडिया से कह – ‘योजना यह है कि हमारे सभी पदक विजेता खेल जैसे निशानेबाजी, तीरंदाजी, कुश्ती आदि आयोजित किए जाएं।’
