फिशिंग स्कैम का एक नया रूप सामने आया आया है। इस फ्रॉड में ‘PAN 2.0’ के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। सरकार ने ऐसे किसी भी ईमेल से सतर्क रहने और किसी भी लिंक पर जाने से बचने की सलाह दी है।

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने चेतावनी देते हुए बताया है कि ‘PAN 2.0’ के नाम पर इस समय नई ऑनलाइन ठगी चल रही है। इस संबंध में अलर्ट जारी किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसा कोई नया पैन कार्ड लॉन्च नहीं किया गया है और इस तरह ईमेल पूरी तरह फर्जी हैं।
गौरतलब है कि लोगों को एक ईमेल प्राप्त हो रहा है जो कि “PAN 2.0 Cards” नाम से आता है। यूज़र्स को यह मेल info@smt.plusoasis.com जैसे ईमेल एड्रेस से भेजा जा रहा है।
इस मेल में दावा किया जा रहा है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने QR कोड वाला नया पैन कार्ड लॉन्च किया है। मेल के मुताबिक़, यूजर्स को एक लिंक पर क्लिक करके फ्री में “e-PAN” डाउनलोड करने की सुविधा दी जा रही है।
ईमेल्स को “फेक” बताते हुए पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि वे ऐसे किसी मेल पर क्लिक न करें। इस संबंध में इनकम टैक्स विभाग ने भी स्पष्ट कहा है कि वह कभी भी ईमेल के जरिए यूजर्स से पासवर्ड, बैंक अकाउंट या क्रेडिट कार्ड जैसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगता। साथ ही, विभाग किसी प्रकार के डाउनलोड लिंक भी नहीं भेजता।
यदि किसी यूज़र को इस प्रकार की कोई भी संदिग्ध ईमेल प्राप्त होती है, तो तुरंत उसे webmanager@incometax.gov.in या incident@cert-in.org.in पर रिपोर्ट करें।
इस नए फ्रॉड पर फिशिंग साइबरक्राइम का कहना है कि यह एक सामान्य तकनीक का फ्रॉड है जिसमें ईमेल या मैसेज पर फर्जी लिंक भेज यूजर्स को ठगा जाता है।फिशिंग स्कैम से बचने और साइबर सुरक्षा के उपायों को लेकर इनकम टैक्स विभाग ने भी विस्तृत जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट incometaxindia.gov.in पर दी है।









