प्यू रिसर्च ने हाल ही में एक सर्वे किया। इसमें उन्होंने दुनिया के 24 देशों से भारत को लेकर राय मांगी। प्यू रिसर्च सर्वे 2025 में इन देशों के लोगों से भारत पर ली गई राय से भारत की छवि का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सर्वे में भारत के बारे में 24 देशों के लोग तुलनात्मक रूप से सकारात्मक नजरिया ज्यादा रखते हैं। रिपोर्ट से पता चलता है कि 47 प्रतिशत लोगों ने भारत को सकारात्मक रूप से देखा, जबकि 38 प्रतिशत की राय नकारात्मक रही। प्यू रिसर्च सेंटर ने ये सर्वे 8 जनवरी से 26 अप्रैल, 2025 तक किया है।
दुनिया के शक्तिशाली देशों में अपना स्थान रखने वाले भारत से दुनिया के तमाम देश अच्छे संबंध स्थापित करना चाहते हैं। विश्व भर में इसकी पहचान एक बेहद ही संतुलित ताकत, कूटनीतिक व्यवहार के तौर पर है।
जहाँ इस सर्वे में 24 देशों में से 47 प्रतिशत लोगों की भारत के बारे में राय सकारात्मक है, जबकि 38 प्रतिशत लोगों की सोच नकारात्मक देखी गई। अन्य 13 प्रतिशत लोगों ने इस बारे में कोई राय नहीं दी।
बताते चालें कि यह सर्वेक्षण अप्रैल में कश्मीर में पर्यटकों पर हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद 26 अप्रैल तक किया गया है। रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि इस लिस्ट में अमरीका के 49 प्रतिशत लोग भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया रखते हैं, जबकि कनाडा और यूके के 47 और 60 प्रतिशत लोगों में भारत के प्रति सकारात्मक रवैया देखा गया।
सर्वेक्षण किए गए आधे देशों में, महिलाओं की तुलना में पुरुषों में भारत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण देखा गया है। जापान, नीदरलैंड, जर्मनी, अर्जेंटीना और फ्रांस में लिंग के आधार पर दो अंकों का अंतर है।
फ्रांस, पोलैंड, हंगरी, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में, पुरुषों की तुलना में महिलाओं द्वारा भारत के प्रति अपनी धारणा को लेकर अनिश्चित होने की संभावना अधिक है।
छह देशों में आयु के आधार पर भी विचार भिन्न हैं। ब्राज़ील, नीदरलैंड, जापान और यूके में, युवा वयस्कों में भारत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की संभावना वृद्धों की तुलना में अधिक है। उदाहरण के लिए, यूके में 35 वर्ष से कम आयु के वयस्कों में भारत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की संभावना 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के वयस्कों की तुलना में 20 अंक अधिक है।
लेकिन अमरीका और ऑस्ट्रेलिया में, यह पैटर्न उलट है – वृद्ध वयस्कों में भारत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त करने की संभावना काफी अधिक है। पाँच देशों में, भारत के प्रति राय वैचारिक आधार पर भिन्न है। ऑस्ट्रेलिया, नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका में, वैचारिक रूप से दक्षिणपंथी लोग भारत को वैचारिक रूप से वामपंथी लोगों की तुलना में अधिक अनुकूल मानते हैं। हालाँकि, अमरीका और मैक्सिको में स्थिति इसके विपरीत है।
सर्वेक्षण से पता चलता है कि जर्मनी, जापान, इंडोनेशिया और नाइजीरिया में भी बहुसंख्यक लोगों का कहना है कि उनका भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया है। तुर्किए और ऑस्ट्रेलिया के आधे से ज़्यादा लोगों का कहना है कि वे भारत के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं।
इस सर्वे से स्पष्ट होता है कि लगभग आधे देशों में भारत के प्रति सकारात्मक रवैया अधिक पाया गया है। केन्या, यूनाइटेड किंगडम और इजरायल की राय भारत के प्रति काफी अनुकूल है, जहां दस में से 6 या उससे ज़्यादा लोगों का कहना है कि उनकी भारत के प्रति पॉजिटिव राय है।











