महर्षि वाल्मीकि जयंती देशभर में 7 अक्टूबर को मनाई जानी है, जिसे देखते हुए प्रदेश की योगी सरकार ने अवकाश की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कल यानी 7 अक्टूबर को प्रदेश भर में अवकाश की घोषणा करते हुए सभी स्कूल, कॉलेजों और अन्य सरकारी संस्थानों में अवकाश के आदेश दिए हैं।

सरकार की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि, महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 7 अक्टूबर 2025 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी विभागों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में 7 अक्टूबर वाल्मीकि जयंती पर अवकाश की घोषणा की गई है। प्रदेश सरकार के आदेश से इस मंगलवार प्रदेश के तमाम स्कूल व कॉलेज के अलावा सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे।
सूबे की सरकार की ओर से जारी इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह छुट्टी निगोशिएबुल इन्स्ट्रूमेन्ट एक्ट 1881 के अधीन नहीं होगी। ऐसे में यह भले ही सार्वजनिक अवकाश है मगर इसे आमतौर पर बैंकों और वित्तीय संस्थाओं के लिए अनिवार्य अवकाश की श्रेणी में नहीं रखा जाता है। अतः वाल्मीकि जयंती पर बैंक खुले रहेंगे।
बताते चलें कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज ने सार्वजनिक छुट्टी की मांग की थी। इसके लिए सरकार से 7 अक्टूबर की सार्वजनिक छुट्टी को लेकर ज्ञापन सौंपे गए थे। वाल्मीकि समाज का कहना था कि पहले इस दिन सरकारी छुट्टी रहती थी, मगर बाद में सरकार ने इसे रद्द कर दिया था।
बताते चलें कि इससे पहले 17 दिसंबर 2024 को जारी वर्ष 2025 की अवकाश सूची में महर्षि वाल्मीकि जयंती को निबंधित अवकाश यानी रेस्ट्रिक्टेड होलिडे की श्रेणी में रखा गया था। इसका अर्थ हुआ कि कर्मचारी अपनी इच्छानुसार सीमित संख्या में छुट्टियां चुन सकते थे। जबकि नए आदेश में वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।










