गूगल ने अपना लेटेस्ट और सबसे पावरफुल एआई मॉडल Gemini 3 पेश किया है। यह नया मॉडल अब यूज़र्स के लिए Gemini ऐप और AI सर्च इंजन इंटरफ़ेस के ज़रिए उपलब्ध है।

गूगल का कहना है कि यह मॉडल पहले से कहीं ज़्यादा बारीक डिटेल्स और गहरे रिस्पॉन्स देता है। इसे लॉजिकल सोच और रीजनिंग क्षमताओं में सुधार वाला क़रार दिया गया है।
याद दिला दें कि अब से महज़ सात महीने पहले Gemini 2.5 रिलीज़ हुआ था जिसके बाद अब और भी ज़्यादा एडवांस्ड लार्ज लैंग्वेज मॉडल पेश किया गया है।
गूगल का यह नया वर्जन ऐसे समय में लॉन्च किया गया है जब कुछ दिन पहले OpenAI ने GPT 5.1 पेश किया था। कंपनी के बयान के मुताबिक, Gemini 3 ने अपनी लॉजिकल सोच और रीजनिंग क्षमताओं में काफ़ी सुधार किया है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने ट्वीट करते हुए बताया, ‘जेमिनी 3 दुनिया का सबसे अच्छा मल्टीमोडल मॉडल है। यह आपके हर आइडिया को जल्दी समझता है और कम सवालों में सही काम कर देता है। आज से जेमिनी ऐप और गूगल सर्च में इसे यूज कर सकते हैं।’
Gemini 3 के बेसिक मॉडल के साथ, Gemini 3 DeepThink भी पेश किया गया है, जिसे रिसर्च को सपोर्ट करने के लिए डिज़ाइन किया गया है और यह आने वाले हफ़्तों में गूगल AI अल्ट्रा सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगा।
बताया जा रहा है कि इस नए मॉडल में सोचने-समझने, बातचीत करने, कोड लिखने, गणित के सवाल हल करने के अलावा कई बड़े-बड़े काम खुद प्लान करने की बेहतर क्षमता है। गूगल का कहना है कि अब यूजर आसानी से मुश्किल काम करवा सकेंगे, यहां तक कि यह पूरे प्रोजेक्ट की प्लानिंग भी कर सकता है।
कंपनी के मुताबिक, Gemini ऐप के मंथली यूज़र्स की संख्या 650 मिलियन से ज़्यादा हो गई है। इसके अलावा, गूगल ने गूगल एंटीग्रैविटी भी पेश किया है, जो जेमिनी-बेस्ड पावर कोडिंग इंटरफ़ेस है, जो मल्टी-एजेंट कोडिंग कर सकता है। कंपनी ने कहा है कि आने वाले दिनों में जेमिनी 3 में और ने फीचर्स जोड़े जाएंगे। यह अभी सिर्फ शुरुआत है। बहुत जल्द यह हमारी रोज की जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाएगा।












