भारतीय नागरिकों के लिए मलेशिया में पहली दिसंबर से फ्री वीजा एंट्री

मलेशिया पहली दिसंबर से भारतीय नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा दे रहा है। इस सुविधा के साथ अब भारतीय नागरिक मलेशिया में 30 दिनों तक वीजा-फ्री सुविधा के तहत रह सकते हैं। वियतनाम भी भारत के सैलानियों के लिए वीजा फ्री एंट्री शुरू करने का मन बना रहा है।

भारतीय नागरिकों के लिए मलेशिया में पहली दिसंबर से फ्री वीजा एंट्री

रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने ये जानकारी दी। भारत के अलावा चीनी पर्यटकों को भी ये सुविधा दी गई है। प्रधानमंत्री ने एक बयान में यह भी स्पष्ट किया है कि यह निशुल्क वीजा छूट सुरक्षा मंजूरी के अधीन रहेगी।

गौरतलब है कि आपराधिक रिकॉर्ड और हिंसा से जुड़े लोगों को इस छूट की सुविधा नहीं मिलेगी। देश के गृहमंत्री सैफुद्दीन इस्माइल जल्दी ही सुरक्षा सम्बन्धी गाइडलाइन प्रस्तुत करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ अपनी अर्थ व्यवस्था को मज़बूत बनाने के लिए मलेशिया ने ये क़दम उठाया है। गौरतलब है कि इकोनॉमी को बेहतर बनाने के लिए मलेशिया ने श्रीलंका और थाईलैंड की नीति अपनाते हुए भारत और चीन के लिए अपना वीजा निशुल्क किया है।

इसके साथ ही मलेशिया भारतीय नागरिकों को मुफ्त वीजा देने वाला तीसरा एशियाई देश बन गया है। मलेशिया वर्तमान में सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, ईरान, तुर्की तथा जॉर्डन के नागरिकों को यह सुविधा दे रहा है।

पिछले सप्ताह मिलने वाली ख़बरों के अनुसार वियतनाम भी भारत के टूरिस्ट के लिए वीजा फ्री एंट्री शुरू करने का इच्छुक है। फिलहाल इस समय इटली, स्पेन, डेनमार्क, स्वीडन,जर्मनी, फ्रांस और फिनलैंड जैसे देशों के नागरिक वियतनाम में बिना वीजा के प्रवेश ले सकते हैं।

गौरतलब है कि मलेशियाई नागरिकों के लिए चीन 15 दिवसीय वीजा मुफ्त नीति की घोषणा कर चुका है। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने चीन की सरकार को धन्यवाद दिया है और साथ ही ये भी कहा है कि अगले वर्ष मलेशिया-चीन राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाएंगे।

आंकड़ों से खुलासा होता है कि पिछले नौ वर्षों में विदेश की यात्रा करने वाले भारतीयों की संख्या 1.4 से बढ़कर 2.7 करोड़ हो गई है। कोविड महामारी के चलते टूरिज्म काफी प्रभावित हुआ था मगर अब एक बार फिर से हालात सामान्य हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *