आंदोलनकारी किसानों ने अपना विरोध तेज कर दिया है। पंजाब और हरियाणा की सीमाओं पर आंदोलन का मोर्चा संभाले किसान संगठनों ने आज 30 दिसंबर को पंजाब बंद का आह्वान किया है। किसानों का यह बंद आज सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।
किसान मजदूर संघर्ष समिति (पंजाब) के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने जानकारी दी है कि बंद सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। कई किसान संगठनों ने पंजाब के लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की। इस बांध को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस ने भी अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा कांग्रेस के किसान मोर्चा के अध्यक्ष और भोलाथ से पार्टी विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है।
सोमवार को ग्रेटर नोएडा में जीरो प्वाइंट पर संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसान महापंचायत आज करीब दोपहर 12 बजे शुरू होनी है। महापंचायत में भारी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। इसमें प्राधिकरण द्वारा किसानों को 64.7% बढ़ा हुआ मुआवजा, 10% आवासीय भूखंड और 2013 भूमि बिल अधिग्रहण को लागू करने की मांग की जाएगी। साथ ही जेल में बंद किसानों को रिहाई की भी मांग की जाएगी।
संयुक्त किसान मोर्चा (नॉन-पॉलिटिकल) और किसान मजदूर मोर्चा द्वारा आज के पंजाब बंद का आह्वान पहले ही किया जा चुका है। आंदोलन कर रहे किसान फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी सहित किसान कर्ज माफी, किसानों और खेतिहर मजदूरों के लिए पेंशन, बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी पर रोक, पुलिस मामलों की वापसी और 2021 लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों के लिए ‘न्याय’ की मांग कर रहे हैं।
बताते चलें कि संयुक्त किसान मोर्चा (नॉन-पॉलिटिकल) सहित अन्य किसान संगठनों के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे ये किसान 13 फरवरी 2024 से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर मौजूद हैं। इन किसानों ने इस बीच अपनी बात रखने के लिए कई बार दिल्ली जाने का प्रयास किया मगर उन्हें बॉर्डर पर प्रशासन और पुलिस बल द्वारा आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
इस बंद के चलते स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इसके अलावा बसें, रेल यातायात भी प्रभावित होगा तथा शहरों में दुकानें नहीं खुलेंगी। बंद के दौरान सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालय तथा पेट्रोल पंप और सब्जी मंडियां बंद रहेंगी। करीब 200 से 300 स्थानों पर नाकेबंदी की जाएगी।
बंद के दौरान जिन सुविधाओं पर असर नहीं पड़ेगा उनमें आपातकालीन सेवाएं, चिकित्सा सेवाएं, हवाई अड्डे शामिल हैं। साथ ही परीक्षा देने वाले छात्रों को नहीं रोका जाएगा।
किसान महापंचायत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। हालात को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है। जिसमें वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है।