मोबाइल पर अब नहीं बजेगा इमरजेंसी अलर्ट अलार्म

मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट भेजने वाली सेल ब्रॉडकास्ट सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। देशभर में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी एनडीएमए द्वारा सभी राज्यों को भेजी एडवाइजरी में यह फैसला सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी में कहा गया है कि एनडीएमए की ओर से भेजे जाने वाले इस अलर्ट को रोकने के आदेश दिए गए हैं।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मई 2026 में इस सेवा का शुभारम्भ किया था। महज़ कुछ सप्ताह पहले शुरू हुई इस सेवा सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम को देशभर में लॉन्च किया था। लॉन्च के वक्त सिंधिया ने जानकारी देते हुए कहा था कि यह भारत के आपदा प्रबंधन ढांचे में बड़ा बदलाव है और देश अब प्रतिक्रियात्मक से आगे बढ़कर सक्रिय दृष्टिकोण की तरफ जा रहा है।

हालाँकि अभी तक ऐसी कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है जिससे इस सेवा बंद किये जाने के बारे में सही जानकारी मिल सके। इस बीच संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर तकनीकी और परिचालन समीक्षा किए जाने की खबर ज़रूर सामने आई है। फिलहाल मिली जानकारी के आधार पर इतना ही कहा जा सकता है कि समीक्षा पूरी होने और एनडीएमए की तरफ से नए निर्देश मिलने के बाद यह यह सेवा बहाल होगी।

भौगोलिक क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल यूजर्स को एक साथ इमरजेंसी अलर्ट भेजने वाला सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम एक पब्लिक वार्निंग प्लेटफॉर्म है। इस सिस्टम की विशेषता यह है कि इसके लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं होती। ऐसे में नेटवर्क लोड अधिक होने से यह प्रभावित हुए बिना ही अपना काम करता है।

गौरतलब है कि आपदा के समय जब सामान्य संचार माध्यम ठप हो जाते हैं तब यह सिस्टम सबसेअधिक कारगर होता है। इसमें मोबाइल स्क्रीन पर तेज आवाज के साथ पॉप-अप नोटिफिकेशन के माध्यम से अलर्ट होने की सूचना आती है। कुछ डिवाइस पर यह अलर्ट जोर से पढ़कर भी सुनाया जाता है।

बताते चलें कि इस सिस्टम को दूरसंचार विभाग के तहत काम करने वाले सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स ( C-DOT) ने स्वदेशी तरीके से विकसित किया है। इस परियोजना में एनडीएमए और गृह मंत्रालय का सहयोग भी शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *