कोरोना संबंधी सावधानियाें में ढील नहीं दें अमेरिकी, स्थिति हो सकती है गंभीर: बिडेन

वाशिंगटन, 28 फरवरी : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन ने कहा है कि जॉनसन एंड जॉनसन की एकल खुराक वाली कोरोना वायरस वैक्सीन को अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की मंजूरी मिलना ‘रोमांचक खबर’ है, लेकिन अमेरिकी लोगों को महामारी से संबंधित सावधानियों में किसी किस्म की ढील नहीं देनी चाहिए क्योंकि इससे स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है।

Don't relax corona precautions Americans, the situation could be serious: Biden

एफडीए ने शनिवार को घोषणा की कि उसने अमेरिका में 18 वर्ष और अधिक उम्र के व्यक्तियों पर आपातकालीन उपयोग के लिए जॉनसन एंड जॉनसन की जैनसेन कोविड-19 वैक्सीन को मंजूरी दे दी है।

श्री बिडेन ने इस वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद एक बयान में कहा, “यह सभी अमेरिकियों के लिए रोमांचक खबर है और संकट को समाप्त करने के हमारे प्रयासों में उत्साहजनक प्रगति है लेकिन मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम लड़ाई खत्म होने से अब भी काफी दूर हैं। भले ही आज की खबर का जश्न मनाएं लेकिन मैं सभी अमेरिकियों से आग्रह करता हूं – अपने हाथों को धोते रहें, सामाजिक दूरी बनाये रखे और मास्क पहनते रहें। जैसा कि मैंने पहले भी कई बार कहा है, नये वेरिएंट के फैलने के साथ स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।”

 

जॉनसन एंड जॉनसन वैक्सीन अमेरिका में फाइजर / बायोएनटेक और मॉडर्ना कोविड ​​-19 वैक्सीन के बाद अधिकृत होने वाली तीसरी वैक्सीन है। जॉनसन एंड जॉनसन ने कहा है कि वह जून के अंत तक अमेरिका को 10 करोड़ खुराक प्रदान करेगा। जुलाई के अंत तक फाइजर / बायोएनटेक और मॉडर्ना से 60 करोड़ खुराक मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *