पिछले दो दिनों से इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों के अचानक कैंसल या फिर देरी से उड़ने के चलते मची अफरा-तफरी पर अब विराम लग गया है। डीजीसीए ने यह फैसला अलग-अलग एयरलाइंस की तरफ से चल रही ऑपरेशनल दिक्कतों को फौरी तौर पर हल करने और ऑपरेशनल स्टेबिलिटी सुनिश्चित करने के अनुरोध पर लिया। हालात पूरी तरह सामान्य होने में 5 से 10 दिन तक लग सकते हैं।

एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए ने फ्लाइट अटेंडेंट के लिए वीकली रेस्ट लीव रोस्टर से जुड़ा अपना पिछला आदेश तुरंत प्रभाव से वापस ले लिया है। इंडिगो मामले के बारे में होम मिनिस्टर अमित शाह को जानकारी दिए जाने के बाद यह ऑर्डर वापस ले लिया गया। इस दौरान शेड्यूलिंग की दिक्कतों और अन्य समस्याओं की वजह से अकेले शुक्रवार को ही 1000 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। डीजीसीए ने वह क्लॉज वापस ले लिया है जो क्रू मेंबर्स को वीकली रेस्ट लीव के बदले छुट्टी इस्तेमाल करने से रोकता था। इस ऑर्डर के तुरंत लागू होने से अब एयरलाइन के पास क्रू रोस्टर को एडजस्ट करने के लिए ज्यादा सुविधा होगी।
इस संकट को काबू करने के लिए विमान नियामक ने अपने ताजा नोटिफिकेशन में उस नियम में छूट देने की घोषणा की है, जिसमें एयरलाइनों को पायलट के साप्ताहिक आराम के साथ छुट्टी को जोड़ने से रोक दिया गया था। डीजीसीए ने अपने पिछले आदेश में कहा था कि साप्ताहिक आराम को छुट्टी के साथ प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता है।
अब जारी नए नोटिफिकेशन में डीजीसीए का कहना है कि मौजूदा समय में कई एयरलाइन के परिचालन में आ रही परेशानियों के देखते हुए और ऑपरेशंस में निरंतरता और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रावधान के रिव्यू को जरूरी समझा गया है। नियामक ने आगे कहा, “एयरलाइनों को पायलट के साप्ताहिक आराम के साथ छुट्टी को जोड़ने से रोकने के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है।”
सीईओ ने माफी मांगी
इंडिगो एयरलाइंस के सीईओ पीटर अल्बर्स ने इस मुश्किल के लिए यात्रियों से माफी मांगी है। उन्होंने माना, “हम हर दिन करीब 380,000 कस्टमर्स को सर्विस देते हैं… हमने पिछले कुछ दिनों में वह वादा पूरा नहीं किया… हमें इसके लिए बहुत दुख है।”
अल्बर्स ने मौजूदा संकट के लिए कई चुनौतियों को ज़िम्मेदार ठहराया, जिसमें छोटी-मोटी टेक्निकल गड़बड़ियां, शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एविएशन इकोसिस्टम में भीड़ और नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नेटवर्क के बड़े साइज़ की वजह से ये दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
इंडिगो ने डीजीसीए को सौंपी गई एक रिपोर्ट में भरोसा दिलाया कि अगले 48 घंटों में स्थिति सुधर जाएगी। हालांकि, सीईओ अल्बर्स का कहना है कि ऑपरेशन को तुरंत सामान्य करना और फ्लाइट की समय पर डिलीवरी वापस लाना आसान काम नहीं है, लेकिन यह उनका पहला लक्ष्य है।













