देहरादून के ऑटो चालक की बेटी बनी जज

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य न्यायिक सेवा सिविल जज के परिणाम जारी कर दिया है। पहले तीन स्थानों पर बेटियों ने कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वही देहरादून के ऑटो चालक की बेटी ने मिसाल कायम करते हुए पीसीएस (जे) पेपर में उत्तराखंड टॉप कर राज्य का मान बढ़ाया है। पूनम ने अपने सपने के साथ अपने माता-पिता का भी सपना साकार किया है।


देहरादून के नेहरू कॉलोनी बी ब्लॉक की ऑटो चालक की लड़की पूनम टोडी ने पीसीएस जे में उत्तराखंड टॉप किया। पूनम टोडी ने बीकॉम, एमकॉम, एलएलबी और अभी टिहरी चंबा से एलएलएम कर रही हैं। पढ़ाई के साथ ही पूनम टोडी ने यूपी एपीओ का पेपर पास कर लिया था। पूनम टोडी ने बातचीत में बताया कि पीसीएस (जे) को पास करना उनका सपना था और आज वह सपना साकार हो गया है। उनकी माता गृहणी हैं। पूनम की एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। पहले भी किए हैं प्रयास: पूनम टोडी पहले भी दो बार पीसीएस (जे) का साक्षात्कार दे चुकी हैं पर सफलता नही मिल पाई थी। लेकिन इस बार उनको सफलता मिल गई है। पूनम की मेहनत रंग लाई। बताया कि कुछ समय उन्होंने दिल्ली में रहकर कोचिंग की उसके बाद दून वापस लौटकर घर पर तैयारी की।

 

पूनम ने बताया कि उनके पिता अशोक कुमार टोडी ऑटो चालक हैं और दून में ही 30 साल से ऑटो चलाते हैं। पूनम अपने पिता की मेहनत से प्रेरित होकर अपनी पढ़ाई में ध्यान लगाया और आज उनकी मेहनत रंग लाई है। पूनम ने बताया कि एक महीने पहले यूपी एपीओ का परिणाम आया था और उनका चयन हो गया था। ज्वाइनिंग लेटर अभी आया नहीं और अब पीसीएस जे का परिणाम देखकर उसकी खुशी का ठिकाना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *