चीन, अफ़ग़ानिस्तान में सैन्य अड्डा बनाएगा

चीन ने अशांत अफ़ग़ानिस्तान में अपना सैन्य अड्डा बनाने का फ़ैसला किया है।प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अफ़ग़ान अधिकारियों का कहना है कि युद्धग्रस्त अफ़ग़ानिस्तान से चीनी क्षेत्रों में आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए चीनी अधिकारी, अफ़ग़ान अधिकारियों से सैन्य अड्डा बनाने के बारे में बातचीत कर रहे हैं। अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय में उप प्रवक्ता मुहम्मद रादमिनश का कहना है कि अफ़ग़ान और चीनी अधिकारियों ने इस योजना पर बीजिंग में दिसंबर में वार्ता की थी।

रिपोर्ट में बताया गया है कि यह सैन्य अड्डा अफ़ग़ानिस्तान के दूरस्थ क्षेत्रों और पर्वतीय वाख़ान कॉरिडोर में बनाया जाएगा।

इससे पहले कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने इस क्षेत्र में चीनी और अफ़ग़ान सैनिकों को संयुक्त रूप से गश्त करते देखा है। यह क्षेत्र चीन के शिनकियांग से मिला हुआ है और भीषण सर्दी तथा दूरस्थ होने के कारण स्थानीय लोगों को अफ़ग़ानिस्तान की सही स्थिति की जानकारी भी नहीं है।

अफ़ग़ानिस्तान में नैटो के प्रवक्ता ने चीन के इस फ़ैसले पर टिप्पणी से इनकार किया है जबकि अमरीका इससे पहले अफ़ग़ानिस्तान में चीन की भूमिका का स्वागत करते हुए कह चुका है कि दोनों की ही समान सुरक्षा चिंताएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *