कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चार दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे। चार दिवसीय भारत दौरे पर पीएम कार्नी दोनों देशों के संबंधों की मजबूती पर जोर देंगे।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च तक भारत यात्रा पर रहेंगे और उनकी यात्रा की शुरुआत मुंबई से होगी। प्रधानमंत्री कार्नी का भारत का यह पहला आधिकारिक दौरा होगा। इस दौरान वे प्रधानमंत्री मोदी से मुंबई और नई दिल्ली में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, शिक्षा और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा करेंगे। मार्क कार्नी भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अपनी यात्रा में अगले दो दिनों में अलग-अलग बिजनेस प्रोग्राम में हिस्सा लेंगे और भारतीय तथा कनाडाई सीईओ, उद्योग एवं वित्तीय विशेषज्ञों, नवोन्मेषकों, शिक्षाविदों के साथ-साथ भारत में स्थित कनाडाई पेंशन फंड के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
पहली मार्च को प्रधानमंत्री कार्नी नई दिल्ली पहुंचेंगे और 2 मार्च को दोनों देशों के प्रधानमंत्री हैदराबाद हाउस में डेलीगेशन स्तर की बातचीत करेंगे। ये दोनों नेता व्यापार और निवेश, ऊर्जा, जरूरी मिनरल्स, कृषि, शिक्षा, शोध और नवाचार और लोगों के बीच संबंधों जैसे खास स्तंभों में चल रहे सहयोग की भी समीक्षा करेंगे।
इसके अलावा दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी अपने विचार साझा करेंगे। भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के अलग-अलग क्षेत्रों में अब तक हुए विकास की समीक्षा करेंगे, जो कनानास्किस (जून 2025) और जोहान्सबर्ग (नवंबर 2025) में हुई उनकी पिछली बैठकों पर आधारित होगी। प्रधानमंत्री मोदी के साथ कनाडाई प्रधानमंत्री भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भी शिरकत करेंगे।
