बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। बीएनपी अलायंस ने 299 में से 209 सीटें जीती हैं। बांग्लादेश चुनाव में तारिक रहमान की अगुवाई वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टीकी इस शानदार जीत पर पीएम मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई दी।

बांग्लादेश में मिलने वाले रुझान के नतीजों के मुताबिक, खालिदा जिया के बेटे और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार तारिक रहमान की पार्टी ने 191 सीटें जीती हैं, जबकि उनके सहयोगी दलों ने कुल 209 सीटें जीती हैं। ऐसे में बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है। शपथ ग्रहण समारोह संभवतः 14 फरवरी को होगा।
रुझान से यह भी स्पष्ट हो गया है कि खालिदा जिया के बेटे और बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान ने ढाका और बोगरा दोनों सीटें जीत ली हैं। बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, जमात-ए-इस्लामी 34 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, जबकि जेन ज़ी की नेशनल सिटिजन पार्टी ने 5 सीटें जीती हैं। गौरतलब है कि इस पार्टी ने 30 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
अनऑफिशियल नतीजों के हवाले से यह जानकारी भी सामने आ रही है कि 73 फीसद लोगों ने संवैधानिक सुधारों पर रेफरेंडम का समर्थन किया है। बीएनपी ने अपने कार्यकर्ताओं को जश्न से दूर रहने और देश की बेहतरी के लिए दुआ करने का निर्देश दिया है।
बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, तारिक रहमान का कहना है कि वह उन्हीं के साथ देश चलाएंगे जिनके साथ उन्होंने आंदोलन चलाया है। वहीँ न्यूज़ एजेंसी से मिली जानकारी में कहा गया है कि बांग्लादेश में आम चुनावों में 60 प्रतिशत से ज़्यादा वोटिंग हुई।
बताते चलें कि बांग्लादेश में नेशनल चुनावों के लिए 299 सीटों और रेफरेंडम के लिए वोटिंग हुई थी, और रिटर्निंग ऑफिसर्स को 1,143,845 पोस्टल वोट मिले थे। पोस्टल वोट ऐप के ज़रिए लिए गए थे, और विदेश में 495,551 वोटर्स और बांग्लादेश में 648,294 वोटर्स से वोट मिले थे। पोस्टल वोटिंग के लिए बांग्लादेश और विदेश में रजिस्टर्ड वोटर्स की संख्या 1.5 मिलियन से ज़्यादा है।
