ऑस्ट्रेलिया के होम अफेयर्स, इमिग्रेशन और सिटिज़नशिप मंत्री टोनी बर्क ने हाल ही में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को अपना पसंदीदा एक्टर बताया और कहा कि वह उनके बहुत बड़े फ़ैन हैं।
ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों के मंत्री टोनी बर्क ने हाल ही में खुलासा किया कि वह शाहरुख खान के बहुत बड़े फैन हैं और उन्होंने ओम शांति ओम को अपनी ऑल टाइम पसंदीदा फिल्म बताया। ऑस्ट्रेलियाई मंत्री ने शाहरुख़ खान वाली अपनी सबसे पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म का नाम बताने के साथ इस फिल्म का एक डायलॉग भी सुनाया जो उनके दिल में बसा है।
इंडियन लिंक पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान, उन्होंने कहा कि शाहरुख की ओम शांति ओम उनकी पसंदीदा फ़िल्म है। जब पॉडकास्ट होस्ट पवन लूथरा ने टोनी बर्क से उनकी पसंदीदा बॉलीवुड फ़िल्मों के बारे में सवाल किया तो उन्होंने सबसे पहले शाहरुख खान को अपनी पसंद बताया। जिसके बाद उन्होंने दुनिया के मशहूर कंपोज़र एआर रहमान के काम की भी तारीफ़ की और कहा कि उन्हें उनके म्यूज़िक साउंडट्रैक खास तौर पर पसंद हैं।
अपनी पसंदीदा फ़िल्मों में उन्होंने चक दे इंडिया को सबसे ऊपर रखा और कहा कि फ़िल्म की शूटिंग सिडनी, मेलबर्न और ब्रिस्बेन में हुई थी, जिसकी वजह से यह उनके लिए खास अहमियत रखती है। उन्होंने हिस्टोरिकल फ़िल्म जोधा अकबर की भी तारीफ़ की। लेकिन उन्होंने ओम शांति ओम को अपनी पसंदीदा फ़िल्म बताया।
टोनी बर्क के लिए ओम शांति ओम सबसे खास मूवी है। उन्होंने कहा कि ‘आखिरी फिल्म जिसका मैं जिक्र करना चाहता हूं, वह न केवल मेरी पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म है, बल्कि वास्तव में मेरी सर्वकालिक पसंदीदा फिल्म है, जो है ओम शांति ओम। मुझे लगता है कि कहानी में एक वास्तविक सुंदरता है। लेकिन इसमें एक वाक्य है जो दो बार इस्तेमाल किया गया है, जो मुझे लगता है कि सबसे सरल और सुंदर वाक्यों में से एक है और शाहरुख खान इसे हर बार इस्तेमाल करते हैं… यह सरल सुखद अंत है, अगर यह सुखद नहीं है, तो यह अंत नहीं है, कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।’
गौरतलब है कि फ़राह खान के डायरेक्शन में बनी इस फ़िल्म में शाहरुख़ खान और दीपिका पादुकोण ने लीड रोल निभाए थे। ओम शांति ओम 2007 की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फ़िल्मों में से एक थी।
ख़ास बात यह है कि पूरी दुनिया में लोगों के दिलों पर राज करने वाले शाहरुख खान और उनकी फिल्में भारत के बाहर भी खूब पैसा कमाती हैं। इन दिनों शाहरुख खान अपनी अपकमिंग फिल्म किंग के रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।