एशियन चैंपियनशिप: जु-जित्सू में नव्या पांडे ने हासिल किया गोल्ड

जॉर्डन की राजधानी अम्मान में 9वीं एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में नव्या पांडे ने देश के लिए एक स्वर्ण अर्जित कर लिया है।

एशियन चैंपियनशिप: जु-जित्सू में नव्या पांडे ने हासिल किया गोल्ड

हल्द्वानी की नव्या ने 45 किलोग्राम भार वर्ग (सिंगल इवेंट) में शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक अपने नाम करने में सफलता पाई।

एशियाई चैंपियनशिप में गोल्ड पाने वाली नव्या भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं। इससे पहले महिला वर्ग में सिल्वर मेडल तक जीत हासिल की जा चुकी है। नव्या की इस ऐतिहासिक जीत से देश व प्रदेश भर से उन्हें बधाई और शुभकामना सन्देश मिल रहे हैं।

फाइनल मुकाबले में नव्या ने कजाकिस्तान की सागदिलदा ऐजी को शिकस्त दी। जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और कोच विनय जोशी के अनुसार, सीनियर अंडर-21 श्रेणी के पहले ही दिन भारतीय दल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और पांच कांस्य पदक हासिल किए।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नव्या की इस उपलब्धि पर उन्हें फोन से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही नव्या से मुलाकात करने की भी बात कही।

बताते चलें कि नव्या पांडे को खेल कोटे से उत्तराखंड सरकार के वन विभाग में नौकरी दी गई है। फोन पर बात के दौरान नव्या ने उत्तराखंड सरकार द्वारा दी गई नौकरी के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

नव्या की इस सफलता पर जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की अध्यक्ष रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत, उप जिला क्रीड़ाधिकारी वरुण बेलवाल समेत कई खेल प्रेमियों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *