बंगाल चुनाव के अंतिम चरण में होगा 1448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। राज्य की राजधानी कोलकाता सहित छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में करीब 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतगणना 4 मई को होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी में कहा गया है कि इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला जबकि 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाता की संख्या 3,243 है, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है। इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में वोट डालेंगे। निर्वाचन आयोग के मुताबिक़, इन सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध करा दिए गए हैं।

दूसरे और अंतिम चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार हैं। जानकारी में कहा गया है कि 142 सीटों में से 107 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 34 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है।

सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर हैं, जबकि हुगली जिले की एक सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। वहीँ कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान होगा उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं।

इस मतदान के लिए कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमे 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

अंतिम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। साथ ही पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। इस मतदान के नतीजे चार मई को आएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *