प्रदेशवासियों को अब अगले दस दिनों तक लू और तपिश से राहत मिल सकेगी। साथ ही 58 जिलों में हल्की बारिश के साथ वज्रपात का भी अलर्ट दिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक़ यूपी में अब दस दिनों तक मौसम बदला रहेगा। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई जगहों पर हल्की बारिश की भी सम्भावनाहै। उत्तर प्रदेश में मंगलवार से ही माैसम में बदलाव बना हुआ है।
विक्षोभ के चलते यूपी के कुछ पश्चिमी और बुंदेलखंड के जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम की इस करवट ने पूरे प्रदेश में लू के प्रकोप से राहत दिला दी है। प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गरज-चमक के साथ बारिश का भी सिलसिला शुरू हो गया है। अनुमान है कि अगले 5 दिन यानी 4 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी। ऐसे में तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस गिरने से गर्मी और लू से राहत मिलेगी। हालांकि दोपहर में धूप के चलते गर्मी के साथ उमस जैसे हालात बन सकते हैं।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में हल्की बूंदाबांदी के साथ गरज चमक के भी उम्मीद है। इसका असर अगले दस दिन तक रहने से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
माैसम विभाग की तरफ से बुधवार के लिए प्रदेश के 58 जिलों में तेज हवा, गरज चमक और बूंदाबांदी की उम्मीद जताई गई है। साथ ही 32 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी विभाग ने दी है। इस बीच मंगलवार को झांसी में 6.9 मिमी, ललितपुर में 3 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके साथ ही हमीरपुर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, महोबा आदि में भी हलकी बारिश ने मौसम में बदलाव ला दिया।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक़, बीता दिन यानी मंगलवार को बांदा लगातार दूसरे दिन देश भर में सबसे गर्म और अप्रैल माह में छठवीं बार प्रदेश में सर्वाधिक गर्म क्षेत्र रहा। वहीँ विभाग से मिली जानकारी में कहा गया है कि बीते 27 अप्रैल को बांदा 47.6 डिग्री के साथ देश ही नहीं पूरे विश्व में सर्वाधिक गर्म रहा।