बदायूं में शोभायात्रा के दौरान हादसा, दो मरे

बदायूँ 11 दिसम्बर उत्तर प्रदेश में बदांयू के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में ट्राली पर रखा डीजे बाक्स गिरने से उसमें दब कर दो बच्चों की मृत्यु हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बसई गांव स्थित शिव मंदिर में शिव परिवार की स्थापना से बीती रात शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा के साथ एक डीजे ट्रैक्टर ट्रॉली में रखकर बजाया जा रहा था। यात्रा कैलाश के मकान के नजदीक पहुंची कि डीजे बॉक्स छज्जे से टकरा गया और ट्रैक्टर ट्राली के पीछे डीजे की धुन पर डाँस कर रहे बच्चों के ऊपर गिर गया।

इस हादसे में देवा (10) और उदित (09), सनी और राम उर्फ बबलू दब गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला और नगर के अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सक ने देवा को मृत घोषित कर दिया जबकि उदित,सनी और राम को गंभीर अवस्था में बरेली रेफर किया गया। बरेली ले जाते समय रास्ते मे उदित ने भी दम तोड़ दिया।

एसपी ग्रामीण क्षेत्र सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मूर्ति स्थापना अथवा शोभायात्रा निकालने की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। बिना अनुमति के ही शोभायात्रा निकाली जा रही थी। पुलिस को दुर्घटना होने के बाद जानकारी मिली। इस मामले में जांच की जा रही है जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *