37वें सिंगापुर अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आमिर खान को स्क्रीन आइकन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यहाँ फिल्म लगान की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। निर्देशक आशुतोष गोवारिकर भी इस आयोजन में उपस्थित होंगे।
37वें सिंगापुर अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आमिर खान को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें महोत्सव का स्क्रीन आइकन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।एनडीटीवी की एक खबर के मुताबिक़, आमिर अपनी फिल्म ‘ लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया’ की 25वीं वर्षगांठ के विशेष प्रदर्शन में भी शामिल होंगे। आमिर निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के साथ अपनी ऑस्कर-नामांकित फिल्म की स्क्रीनिंग में भाग लेंगे।
आमिर 22 अक्टूबर को महोत्सव के ‘इन कन्वर्सेशन’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। ‘ लगान’ को 2002 के अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म के लिए नामांकित किया गया था, लेकिन बोस्नियाई फिल्म ‘ नो मैन्स लैंड ‘ से हार गई थी।
1893 के दौर का यह हिस्टोरिक ड्रामा एक गांव के लोगों की कहानी है जो दमन के जाल से मुक्ति पाने के लिए एक क्रूर ब्रिटिश अधिकारी को क्रिकेट मैच के लिए चुनौती देते हैं। आमिर खान के अलावा, फिल्म में ग्रेसी सिंह, राहेल शेली, सुहासिनी मुले, पॉल ब्लैकथॉर्न और कुलभूषण खरबंदा सहित कई अन्य कलाकार भी थे।
एसजीआईएफएफ यानी सिंगापुर अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन 21 अक्टूबर से एक नवंबर तक होगा। महोत्सव का उद्घाटन दक्षिण कोरियाई राजनीतिक थ्रिलर फिल्म ‘द असैसिन्स’ से होगा , जिसमें पार्क हे-इल, यू हे-जिन और ली मिन-हो मुख्य भूमिका में हैं।
इस महोत्सव में हांगकांग के अभिनेता एंथनी वोंग और जापानी फिल्म निर्माता हिरोकाज़ु कोरे-एडा सहित कई प्रमुख एशियाई फिल्म निर्माता और अभिनेता शामिल होंगे।
आमिर खान के अगले प्रोजेक्ट की बात करें तो खबरों के मुताबिक, आमिर खान निर्देशक आर बाल्की और निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ एक सुपरहीरो प्रोजेक्ट के लिए बातचीत कर रहे हैं।
आमिर खान आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘ललकारा’ में नजर आएंगे , जो 1952 की मशहूर भारत-पाकिस्तान टेस्ट सिरीज पर आधारित है। इस स्पोर्ट्स ड्रामा की शूटिंग नवंबर 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। आमिर खान ‘ 3 इडियट्स’ के सीक्वल में भी काम कर सकते हैं , जो अभी निर्माणाधीन है।