महाराष्‍ट्र के रायगड में 800 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 33 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के रायगड जिले में एक मिनी बस करीब 800 फीट गहरी खाई में गिर गई. हादसे की शिकार इस बस में ड्राइवर समेत 34 लोग सवार थे. एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है. रायगड कलेक्टर विजय सूर्यवंशी ने हादसे में 33 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है. महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिजन को 4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सभी दापोली में कृषि विश्वविद्यालय के कर्मचारी हैं, जो महाबलेश्वर के पास स्थित टूरिस्ट स्पॉट के लिए रवाना हुए थे. बताया जाता है कि सुबह करीब साढ़े छह बजे कॉलेज के 35 कर्मचारियों का दल बस से पिकनिक मनाने जा रहा था. करीब चार घंटे बाद महाबलेश्वर पोलादपूर रोड पर दाभेली खिंडी के पास इनकी बस करीब 800 फीट गहरी खाई में गिर गई.

इस बस में सवार एक कर्मचारी किसी तरह खाई में से बाहर निकलकर सड़क पर आया और उसने विश्वविद्यालय प्रबंधन को सूचित किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्ति किया है. वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि घायलों और मृतकों के परिजन को प्रशासन की तरफ से पूरी सहायता दी जा रही है. उन्होंने जानकारी दी कि वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने उस इलाके के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे मृतकों के परिजन और घायलों की पूरी सहायता करें.
हादसे वाली जगह पर मोबाइल नेटवर्क नहीं होने की वजह से रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन में दिक्‍कत हो रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *