राज्यसभा में बोलीं मायावती, गौ रक्षा के नाम पर बनाया जा रहा निशाना

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मंदसौर में गौ रक्षा के नाम पर दो मुस्लिम महिलाओं को कथित तौर पर पीटे जाने की घटना पर विरोध जताते हुए विपक्षी बसपा और कांग्रेस के सदस्यों ने बुधवार को राज्यसभा में आसन के समक्ष आकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि गौ रक्षा के नाम पर दलितों और मुस्लिमों को निशाना बनाया जा रहा है।

mayawati

सदन की बैठक शुरू होने के बाद आवश्यक दस्तावेज पटल पर रखवाए गए। इसके तत्काल बाद बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि गुजरात के उना में दलित युवकों को पीटे जाने की घटना के बाद मध्यप्रदेश में दो मुस्लिम महिलाओं को बीफ रखने के संदेह में गौ रक्षकों के एक समूह ने पीटा।

मायावती ने आरोप लगाया कि मंदसौर रेलवे स्टेशन में पुलिस के सामने यह घटना हुई और पुलिस मूक दर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा बालिकाओं की सुरक्षा तथा महिलाओं का सम्मान तथा गरिमा बनाए रखने की बात करती है और वहीं दूसरी ओर भाजपा शासित राज्य में महिलाओं के साथ गुंडे दुर्व्यवहार करते हैं। बसपा नेता ने कहा कि इस घटना से कुछ ही दिन पहले गुजरात के उना में चार दलित युवकों की पिटाई वाली घटना हुई थी। कांग्रेस सदस्यों ने मायावती की बात का समर्थन किया।

मायावती ने संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से सवाल किया कि उनके समुदाय की महिलाओं को गौ रक्षा के नाम पर निशाना क्यों बनाया जा रहा है। मायावती के अपनी बात पूरी करते ही बसपा कार्यकर्ता आसन के समक्ष आ गए। फिर कांग्रेस सदस्य भी आसन के सामने आ गए। मध्यप्रदेश की घटना पर विरोध जताते हुए इन सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

आसन के सामने नारेबाजी कर रहे सदस्यों के अपने स्थानों पर लौट जाने के बाद संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देश को लाठी डंडों से नहीं बल्कि कानून और संविधान के माध्यम से चलाया जाता है।  नकवी ने कहा कि किसी भी राज्य में किसी भी रूप में हिंसा होती है तो वह निंदनीय है। उन्होंने कहा, हम दलितों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा को किसी भी तरह सही नहीं ठहराते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *