आईपीएल के आंकड़ों में एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। कह सकते हैं कि इस बार आईपीएक की नोटबुक में कुछ ऐसा दर्ज हुआ है जो पिछले 18 साल में नहीं हुआ। यह रिकॉर्ड है चार ओवरों में सिर्फ 7 रन दिए जाने का। गेंदबाज़ ने अपने इस स्पेल में सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने का अब तक का शानदार रिकॉर्ड बना दिया है।
यह इतिहास बना है आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में। दिल्ली और आरसीबी के बीच खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाजों ने मिलकर कुल 8 विकेट लिये। तेज गेंदबाजों के नाम रहे इस मुकाबले में युवा स्पिनर सुयश शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ऐसा कारनामा किया जो आईपीएल के 18 सालों के इतिहास में पहला बन कर दर्ज हुआ।
22 साल के लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने अपने चार ओवरों में सिर्फ 7 रन दिए. अपने इस स्पेल में उसने सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने का महारिकॉर्ड बना दिया है। यही नहीं, सुयश ने फ़ास्ट बॉलर दीपक चाहर की भी बराबरी कर ली है। याद दिला दें कि चाहर ने 2019 में केकेआर के खिलाफ 20 डॉट गेंदें फेंकी थीं। अब सुयश और दीपक संयुक्त रूप से एक मैच में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
चाहर के मुक़ाबले सुयश शर्मा का स्पेल बेहद किफायती होने के कारण ऐतिहासिक बन गया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन खर्च किए और इनमे से भी 3 रन वाइड की बदौलत मिले थे। इसके अलावा उन्होंने एक विकेट भी लिया।
इस उपलब्धि के साथ सुयश शर्मा का इकॉनमी रेट 1.75 पहुँच गया। यह आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे किफायती 4 ओवर का स्पेल है। इस लिस्ट में सिर्फ युजवेंद्र चहल 1.5 के रेट से पहले नंबर पर हैं।
पिछले 3 सीजन से आईपीएल खेल सुयश शर्मा की खूबी गुगली बताई जा रही है। वह 80 फीसदी गुगली गेंद फेंकते हैं। साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल में डेब्यू करने वाले सुयश शर्मा ने अपने पहले ही मैच में आरसीबी के खिलाफ 3 विकेट लेकर अपना सिक्का जमा दिया था। साल 2025 में सुयश आरसीबी में शामिल हुए और उसके बाद से वह अब तक 34 आईपीएल मैचों में 24 विकेट ले चुके हैं। सुयश इस सीजन में मात्र 7.84 के इकॉनमी रेट से रन खर्च करने वाले खिलाडी हैं।