लखनऊ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में इस बार महिला भागीदारी भी

लखनऊ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान आज यानि 23 अप्रैल को हो रहा है। प्रदेश में पहली बार वकीलों के बार एसोसिएशन के चुनाव में महिला आरक्षण लागू हो रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होने के साथ निर्णय प्रक्रिया में भी उनका योगदान बढ़ेगा।

इस बार कार्यकारिणी के 22 पदों के लिए 116 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस चुनाव में महिलाओं के लिए कोषाध्यक्ष के एक पद समेत कुल सात पद आरक्षित किए गए हैं।

लखनऊ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को इस बार खास इसलिए भी कह सकते हैं क्यूंकि सुप्रीम कोर्ट ऑफ़ इंडिया और इलाहाबाद हाई कोर्ट के के निर्देशों के अनुपालन में पहली बार महिला आरक्षण लागू किया गया है।

अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष जीएन शुक्ला उर्फ चच्चू, परशुराम मिश्रा, राजेंद्र कुमार शर्मा, रवींद्रनाथ पांडे और पूर्व अध्यक्ष सुरेश पांडेय मैदान में हैं। इन चुनावों में महिलाओं के लिए कोषाध्यक्ष सहित कुल सात पद आरक्षित हैं। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी के छह पदों में तीन-तीन सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित रखी गई हैं।चार महिला उम्मीदवार कोषाध्यक्ष पद के लिए हैं।

महामंत्री पद के लिए कामिनी ओझा सहित आदर्श कुमार मिश्रा, पूर्व महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव उर्फ जीतू, कुलदीप वर्मा और मारुत कुमार शर्मा के बीच मुकाबला है। इन बदलाव के साथ इस बार के चुनावी मुक़ाबले को काफी दिलचस्प बताया जा रहा है।

बार एसोसिएशन का यह चुनाव सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान में करीब 3800 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को लेकर बार परिसर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस दौरान आंशिक ट्रैफिक परिवर्तन किया जाएगा।

बार एसोसिएशन मतदान को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनाती की मांग की है। इस बीच किसी भी प्रत्याशी या समर्थक को मतदान स्थल पर हथियार लाने की अनुमति नहीं है। अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला आरक्षण लागू होने के बाद बार चुनाव में पारदर्शिता और प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *