जून की झुलसा देने वाली भीषण गर्मी के बाद अब प्रदेश में मौसम बदल रहा है। आज सुबह से ही पूर्वी और पश्चिमी दोनों इलाकों में बादलों का डेरा है। सूबे के करीब 51 ज़िलों में बारिश की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी सोमवार से लू का दौर खत्म होगा और प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं।
विभाग के अनुसार, 16 जून से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को उत्तरी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होने वाली हलकी बारिश की वजह से तापमान में एक से तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई। प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र में भी बौछारें पड़ीं।
हालाँकि रविवार को वाराणसी तापमान 43.2 डिग्री रहा जो ससे गर्म इलाक़ा था। दूसरे नंबर पर उरई रहा जहां का तापमान 42.6 डिग्री रहा।
प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई प्री मानसूनी बारिश से तापमान में गिरावट आई है। उत्तरी और पश्चिमी यूपी में बारिश ने लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग के मुताबिक़, प्रदेश में गोरखपुर से होकर 18 जून को मानसून दस्तक दे सकता है।
आज के मौसम को लेकर मौसम विभाग की ओर से जारी एलर्ट में सहारनपुर सहित शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में मेघगर्जन के साथ ही वज्रपात अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर समेम आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है।
जिन इलाक़ों में वज्रपात की संभावना है उनमें लखनऊ सहित बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों के नामों की सूची विभाग ने दी है।













