मशहूर सिंगर और दो बार के नेशनल अवॉर्ड विनर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के एलान ने फैंस को हैरान कर दिया। हालांकि, सिंगर के करीबी लोगों और सोशल मीडिया पर कथित वायरल पोस्ट के मुताबिक, यह फैसला अचानक नहीं था, बल्कि काफी सोच-विचार के बाद लिया गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अरिजीत सिंह पिछले कुछ समय से क्रिएटिव बोरियत महसूस कर रहे थे। फिल्म म्यूजिक में कमर्शियल प्रेशर, कहानी और डायरेक्शन की पाबंदियों ने उन्हें अपनी मर्ज़ी से काम करने से रोक दिया था, जिसकी वजह से वह क्रिएटिव फ्रीडम चाहते थे।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि सिंगर पिछले 15 सालों में 800 से ज़्यादा गाने, लगातार रिकॉर्डिंग और लाइव शो की वजह से मेंटल और फिजिकल थकान का सामना कर रहे थे।
यह ध्यान देने वाली बात है कि अरिजीत सिंह ने म्यूजिक नहीं छोड़ा है, बल्कि सिर्फ फिल्म प्लेबैक सिंगिंग से इसलिए दूर हुए हैं ताकि वह इंडिपेंडेंट और पर्सनल म्यूजिक बना सकें।
सिंगर के इस फैसले पर फैंस प्रतिक्रियाएं आ रही है। उनके शुभचिंतकों का मानना है कि यह अंत नहीं बल्कि अरिजीत सिंह की क्रिएटिव जर्नी की एक नई शुरुआत है।
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने अपने म्यूज़िकल सफ़र की शुरुआत 2005 में फेम गुरुकुल में एक कंटेस्टेंट के तौर पर की थी। हिंदी फ़िल्मों में उनका डेब्यू मर्डर 2 (2011) के गाने फिर मोहब्बत से हुआ था। हालांकि, आशिकी 2 (2013) के गाने तुम ही हो से वह सुपरस्टार बने और इसी ने उन्हें पहला फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड दिलाया।
उन्हें 2019 में पद्मावत फिल्म के गीत “बिन्ते दिल” के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। साल 2022 में उन्हें ब्रह्मास्त्र: भाग एक – शिव फिल्म के गीत “केसरिया” के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का दूसरा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। उनका लेटेस्ट गाना बॉर्डर 2 का घर कब आओगे एक बार फिर लाखों लोगों के दिलों पर राज कर रहा है।







