यूपी: मौसम में आज और बेहतरी के आसार

27 अप्रैल यानी पिछले दिन सक्रिय हुए विक्षोभ का असर आज से महसूस किया जा सकता है। इसके नतीजे में उत्तर प्रदेश में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं कुछ जिलों में आज भी भीषण गर्मी और लू के थपेड़े जारी रहेंगे।

पूरा देश इस समय भीषण गर्मी का सामना कर। पिछले दो सप्ताह से जारी गर्मी ने जान जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। हालाँकि इस गर्मी से आज यानी मंगलवार से कुछ छुटकारा मिलने के आसार बने हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि विक्षोभ की वजह से उत्तर प्रदेश में 28 अप्रैल से ज्यादातर जिलों में हवाओं का रुख बदला हुआ रहेगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ से मिली जानकारी में कहा गया है कि मंगलवार से प्रदेश में राहत के संकेत मिले हैं। यहाँ 27 अप्रैल से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है।

अभी तक उत्तर प्रदेश का मौसम भीषण गर्मी वाला रहा है। इस बीच बढे हुए तापमान के साथ लू और तपिश से पूरा प्रदेश बेहाल नज़र आया। झुलसा देने वाली हवाओं के चलते वही लोग बाहर निकले जिनका निकलना अनिवार्य था।

इस बीच बुंदेलखंड के बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा और यह प्रदेश का सबसे गर्म इलाक़ा बना। देश का सबसे गर्म शहर होने के चलते बांदा में अप्रैल महीने के अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटने की जानकारी भी मौसम विभाग ने दी है।

आगरा, प्रयागराज और हमीरपुर में भी हालात कम गंभीर नहीं रहे। इन शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया।

सोमवार को ललितपुर व झांसी में हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम में बदलाव देखा गया।मंगलवार को प्रदेश के 27 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 15 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इससे तापमान में गिरावट और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *