कहीं ठंडी हवा कहीं बारिश और कहीं तूफ़ान से बिन मौसम बदला शहर का मिजाज़

लखनऊ में बीते दिन मौसम ने एक बार फिर करवट ली और शहर के कई इलाकों में बारिश होने से तापमान गिर गया। आज भी आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना हो गया है। शुक्रवार को दिनभर की गर्मी के बाद शाम से ही ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 30 मई को उत्तर प्रदेश सहित 19 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी है। इस दौरान पूर्वी भारत में सबसे अधिक बदलाव की सूचना मिली है।

मौसम विभाग का अपडेट बताता है कि उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में चल रही उष्ण लहर कम हो गई है, और कल से मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भी इसके कम होने की संभावना है।

वहीँ उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 1 से 4 जून तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। जबकि उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में 29 से 31 मई के दौरान तेज़ हवाओं के साथ मध्यम से गंभीर गरज-चमक की संभावना है।

बारिश के साथ इस बीच 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की संभावना है। ऐसे में किसानों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। इसके अलावा बिजली और वज्रपात गिरने से नुकसान की आशंका है।

उत्तर प्रदेश में आज के मौसम के हवाले से भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मेरठ सहित नोएडा, गाजियाबाद, मोरादाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बरेली, बहराइच, हमीरपुर, कानपुर, सीतापुर, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, फिरोजाबाद, सोनभद्र और ललितपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।

इस बीच 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की भी चेतावनी दी गई है। लखनऊ में 30 मई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम बदलने के साथ ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग सुहाने मौसम का मज़ा लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इस बीच पहाड़ी राज्यों में घूमने की योजना बनाने वालों के लिए ज़रूरी है कि एक बार मौसम अपडेट जरूर पढ़ लें नहीं तो मुश्किल में फंस सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *