ब्रसेल्स। बेल्जियम के शरलेरोई पुलिस स्टेशन के नजदीक शनिवार को एक व्यक्ति ने दो महिला पुलिकर्मियों को घायल कर दिया। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने गंडासे से हमला किया और इस दौरान नारे लगाए। पुलिस ने हमलावर को मार गिराया है। स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया जा रहा है कि गोली मारने के बाद पुलिस हमलावर को अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दोनों घायल महिला पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि हमलावर पुलिस चौकी के अंदर घुसना चाहता था। महिला पुलिसकर्मियों ने जैसे ही उसकी जांच की उसने धारदार हथियार से एक पुलिसकर्मी के चेहरे पर हमला कर दिया। तभी दूसरी महिला पुलिसकर्मी उसकी तरफ लपकी। हमलावर ने उसपर भी हमला कर दिया। इतने में तीसरे पुलिसकर्मी ने हमलावर के सीने और पैर में गोली मार दी। घायल महिला पुलिसकर्मियों के नाम कोरिन और हकीम हैं। प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने बताया आतंकी हमला
बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने हमले की निंदा की है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर हमले के तुरंत बाद लिखा ‘ हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।’ बेल्जियम में पिछले पांच महीने से हाई अलर्ट जारी है। इससे पहले 22 मार्च को ब्रसेल्स में एक आत्मघाती धमाका हुआ था। इस धमाके में 32 लोगों की मौत हो गई थी। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने धमाके की जिम्मेदारी ली थी। हमलावर को मार गिराने वाले पुलिसकर्मी ने बताया कि घायल हुई एक महिला पुलिसकर्मी चेहरे पर कई चोटें आई हैं जबकि दूसरी पुलिसकर्मी को हल्की चोटें लगी हैं। प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने आरटीएल ब्रोडकास्टिंग को फोन पर कहा कि यह हमला आतंकी हमले जैसा है।