अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर अपने रुख में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। साथ ही उन्होंने यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने का अपना फैसला वापस ले लिया है। उन्होंने इससे पहले मिलिट्री कार्रवाई न करने की बात कही थी।

डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस में नाटो (NATO) के चीफ मार्क रट के साथ बैठक के बाद यूरोपीय देशों पर ग्रीनलैंड को लेकर टैरिफ लगाने की अपनी धमकी वापस लेते हुए ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय सहयोगियों से टकराव को कम करने के संकेत दिए हैं। इसके साथ ही ट्रंप वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में अपने भाषण में ग्रीनलैंड को लेकर बल प्रयोग को लेकर पिछली बयानबाजी से पीछे हटते नजर आए।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इसके कुछ समय पहले ही वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम पर बोलते हुए ट्रंप ने ग्रीनलैंड को अमरीकी नियंत्रण में लेने के लिए मिलिट्री एक्शन से इनकार किया था। फोरम पर ट्रंप ने जोर देकर कहा था कि वह ग्रीनलैंड को हासिल करना चाहते हैं, लेकिन साथ ही कहा कि ऐसा करने के लिए वह ताकत का इस्तेमाल नहीं करेंगे। ट्रंप ने इसके कुछ घंटे बाद कहा कि वह यूरोपीय सहयोगियों पर लगाए जाने वाले टैरिफ रद्द कर रहे हैं।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि नाटो प्रमुख मार्क रट के साथ बातचीत के बाद पहली फरवरी से लागू होने वाले टैरिफ अब आगे नहीं बढ़ाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि नाटो के महासचिव मार्क रट के साथ बहुत प्रोडक्टिव बैठक हुई, जिसके आधार वह ग्रीनलैंड और असल में पूरे आर्कटिक क्षेत्र के बारे में भविष्य की डील का फ्रेमवर्क बनाया है। ट्रंप का कहना है कि प्रस्तावित फ्रेमवर्क अमरीका और उसके नाटो सहयोगियों दोनों के लिए अच्छा होगा, इसलिए उन्होंने टैरिफ हटाने का फैसला लिया है।
ग्रीनलैंड से जुड़े गोल्डेन डोम पर बातचीत जारी होने की बात भी अमरीकी राष्ट्रपति ने कही और बताया कि इसका नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ करेंगे।
बताते चलें कि उन्होंने ग्रीनलैंड को हासिल करने की अपनी मांग बनाए रखी है और कहा, ‘मैं जो मांग रहा हूं, वह बर्फ का ठंडा और खराब जगह पर पड़ा टुकड़ा है, जो दुनिया की शांति और सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकता है। यह उसकी तुलना में बहुत छोटी मांग है जो हमने उन्हें कई दशकों से दिया है।’
ट्रंप ने यह भी कहा कि शायद हमें कुछ नहीं मिलेगा जब तक मैं बहुत ज्यादा ताकत और बल का इस्तेमाल करने का फैसला नहीं करता, जहां हम सच में अजेय होंगे। लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा, ठीक है? मुझे ऐसा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बल का इस्तेमाल करने से इंकार किया।
