अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आईफोन निर्माण को लेकर एपल को धमकी दी है। उन्होंने अपनी धमकी में कहा कि अमरीका में बिकने वाले आईफोन अमरीका में ही बनने चाहिए।

डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अगर वह अमरीका से बाहर भारत या अन्य किसी देश में ऐसा करेंगे तो यह एपल पर भारी पड़ेगा। अगले ही उन्होंने ओवल ऑफिस में अपनी इस बात दोहराया।
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि अमरीका में बिकने वाले एपल आईफोन का निर्माण अमरीका में ही होगा, भारत या किसी और जगह पर नहीं। साथ ही उन्होंने धमकी वाले अंदाज़ में यह भी कहा कि अगर टेक कंपनी ने ऐसा नहीं किया तो वे उसके उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा देंगे।
‘एपल अमरीका में बिकने वाले 6 करोड़ से ज्यादा आईफोन का उत्पादन 2026 के अंत तक पूरी तरह से भारतीय प्लांट में स्थानांतरित करना चाहती है’-रिपोर्ट
ट्रंप के मुताबिक़, एपल का भारत जाकर अपने मोबाइल या अन्य उपकरण को बनाना ठीक है, लेकिन फिर यह कंपनी टैरिफ के बिना अमरीका में अपने उत्पाद नहीं बेच पाएगी।
बताते चलें कि ट्रंप का यह बयान उस समय में आया है, जब उन्होंने अमरीकी परमाणु ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए ओवल ऑफिस में कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए।
याद दिला दें कि पिछले हफ्ते अपनी मध्य पूर्व की यात्रा के दौरान ट्रंप ने दोहा में कहा था कि उन्होंने एपल के सीईओ से कहा था कि वे भारत में आईफोन न बनाएं। इसके बजाय वे अमरीका में अपने काम को आगे बढ़ाएं।
दोहा में शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए ट्रंप का कहना था कि जैसा कि आप जानते हैं, हमारे पास एपल है। कल मुझे टिम कुक से थोड़ी परेशानी हुई थी। आगे ट्रंप ने कहा- ‘मैंने उससे कहा, टिम, तुम मेरे दोस्त हो। मैंने तुम्हारे साथ बहुत अच्छा काम किया। तुम 500 बिलियन अमरीकी डॉलर लेकर यहां आ रहे हो, लेकिन अब मैं सुन रहा हूं कि तुम पूरे भारत में प्लांट लगाने जा रहे हो। मैं नहीं चाहता कि तुम भारत में निर्माण करो। भारत अपना ख्याल खुद रख सकता है। अगर तुम भारत का ख्याल रखना चाहते हो तो तुम भारत में निर्माण कर सकते हो, क्योंकि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ वाले देशों में से एक है। भारत में बेचना बहुत मुश्किल है। भारत ने हमें एक डील की पेशकश की है, जहां वे मूल रूप से हमसे कोई टैरिफ नहीं वसूलने को तैयार हैं।
इससे पहले एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि एपल अमरीका में बिकने वाले 6 करोड़ से ज्यादा आईफोन का उत्पादन 2026 के अंत तक पूरी तरह से भारतीय प्लांट में स्थानांतरित करना चाहती है।










