अधिकतर यूज़र्स को बिना डेटा वाले प्लान्स के लिए भी ज्यादा कीमत अदा करनी पड़ती थी मगर अब ऐसा नहीं रहेगा। आइए पता करते हैं कि ट्राई का नया प्लान क्या है।
ट्राई ने एक नया प्लान तैयार किया है जो महंगे रिचार्ज प्लान्स से छुटकारा दिलाने के लिए है। महंगे मोबाईल प्लान से इस समय वह लोग खासकर परेशां हैं जिन्हे डेटा का प्रयोग नहीं करना होता मगर उनके लिए गए प्लान में यह जुड़ा होता है।
मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ट्राई का कहना है कि जिन उपभोक्ता को मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है, उन्हें केवल कॉलिंग और एसएमएस के लिए अलग प्लान चुनने का विकल्प मिलना चाहिए।
गौरतलब है कि यूज़र्स को मजबूरी में ऐसे प्लान लेने पड़ते हैं जिनमें लोगों को डेटा मिलता है लेकिन यह डेटा उनके किसी काम का नहीं होता है। इसे देखते हुए ट्राई ने ये नया प्रस्ताव दिया है कि टेलीकॉम कंपनियां डेटा वाले प्लान के साथ समान वैलिडिटी वाले केवल वॉयस और एसएमएस प्लान भी पेश करें।
वर्तमान में कॉल और एसएमएस वाले प्लान लिमिटेड वैलिडिटी के साथ आते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, नया नियम लागू होता है तो जिन कंपनियों के पास 7, 28, 56 और 84 दिन की वैलिडिटी वाले डेटा प्लान मौजूद हैं उन्हें इन्हीं वैलिडिटी के साथ में वॉयस-ओनली और एसएमएस-ओनली प्लान भी लॉन्च करने होंगे।
इन नए प्लान्स के आने पर उपभोक्ता अपनी जरूरत के हिसाब से चुनाव कर सकेंगे और डेटा के लिए अतिरिक्त भुगतान से भी बच सकेंगे। कीमत की बात करें तो, ट्राई के अनुसार, बिना डेटा वाले प्लान्स की कीमतों में करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती हो सकती है। बता दें कि अभी जो भी मौजूद प्लान्स हैं उनमें ज्यादा कीमत डेटा की होती है। डेटा रहित प्लान की कीमत पहले के मुकाबले काफी हद तक कम हो जाएगी।