गुड्डे गुड़ियों के ब्याह के दिन बीत गए और अब उन टेक्नीकल शादी के दिन भी आ गए जहाँ जोड़े आसमानों पर नहीं बल्कि धरती पर तय किए जा रहे हैं। इन दिनों रूस की राजधानी मॉस्को में रोबोट की शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के मुताबिक, इस शादी में रॉबर्ट और मटिल्डा नाम के रोबोट को पति-पत्नी घोषित किया गया। रूस की राजधानी मॉस्को में दो ह्यूमनॉइड के लिए एक अनोखा और प्रतीकात्मक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खीचं लिया।
इस अवसर पर दो एआई संचालित रोबोट्स, रॉबर्ट (Robert) और मटिल्डा (Matilda), को आधिकारिक रूप से रोबोट जीवनसाथी घोषित किया गया। रूसी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, देश के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन किया गया है।
इस समारोह का आयोजन मॉस्को की पुश्किन लाइब्रेरी में किया गया। इसकी पूरी देखभाल मारिया पैंट्युखिना ने की। पूरे आयोजन को पारंपरिक विवाह समारोह की तरह तैयार किया गया था, हालांकि इसका उद्देश्य कानूनी विवाह नहीं बल्कि एआई तकनीक का प्रतीकात्मक प्रदर्शन था।
विवाह समारोह में दोनों रोबोट्स ने शपथ ली और एक-दूसरे के साथ अंगूठी की जगह ब्रेसलेट्स का आदान-प्रदान किया। इसके बाद मटिल्डा ने डांस भी किया। इस डांस का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर यूज़र्स इस वीडियो पर दिलचस्प कमेंट्स भी कर रहे हैं।
बताते चलें कि दोनों ह्यूमन रोबोट्स एआई की मदद से संवाद और निर्धारित गतिविधियां करने में सक्षम हैं। रॉबर्ट को एक ऑफिस कर्मचारी और ब्लॉगिंग के लिए डिजाइन किया गया है। जबकि मटिल्डा को एक बैलेरिना के रूप में बनाया गया है। इससे पहले रॉबर्ट और मटिल्डा को सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF-2026) के दौरान सार्वजनिक रूप से पेश किया जा चुका है। बादमें मॉस्को में आयोजित यह प्रतीकात्मक विवाह समारोह इन दोनों रोबोट्स की अगली बड़ी सार्वजनिक प्रस्तुति बना और इसने सोशल मीडिया पर भरपूर लोकप्रियता हासिल की।