विशेष ट्रैफिक ट्रायल के साथ लखनऊ के चारबाग में दो सप्ताह तक बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

विशेष ट्रैफिक ट्रायल के चलते लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन और उसके आस पास की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए डायवर्जन किया गया है। ऐसे में कुछ प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।

क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 14 दिवसीय विशेष ट्रैफिक ट्रायल शुरू किया गया है। चिन्हित क्षेत्रो में चारबाग चौराहा सहित जिन तीन प्रमुख रूट को चुना गया है उनमें कमता, जुनाबगंज और कानपुर रोड हैं। इस समस्या के निस्तारण हेतु रविवार को सबसे पहले यहां विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

डायवर्जन की इस नई व्यवस्था के तहत अब आलमबाग से चारबाग जाने वाले वाहन, रविंद्रालय तिराहे से सीधे दाहिने नहीं मुड़गे। इस वाहनों को केकेसी के पास यू-टर्न लेकर रविंद्रालय तिराहे से बाएं मुड़कर चारबाग जाना होगा।

चारबाग रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले वाहन रविंद्रालय तिराहे से बाएं मुड़कर गुप्ता तिराहे से यू-टर्न लेकर आगे जा सकेंगे। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने मीडिया से बताया है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन वाले क्षेत्रों में सवारी वाहन खड़े करने पर रोक लगा दी गई है।

हर प्रमुख मोड़ पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ वेडिंग जोन को भी पीछे खिसका दिया गया है। डीसीपी का कहना है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन तुरंत हटाए जाएंगे।

व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों को सचेत किया जा रहा है। इसके लिए माइक की मदद से इन लोगों को नई व्यवस्था संबंधी जानकारी दी जा रही है। इस बीच थ्री-व्हीलर एसोसिएशन के साथ बैठक करके उन्हें भी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस 14 दिन का विशेष ट्रैफिक ट्रायल का मक़सद यातायात व्यवस्था सुधार करना है। इसके लिए शहर के सबसे व्यस्तम क्षेत्र में यह अभियान चलाया जा रहा है। रिपोर्ट्स में पुलिस के ज़रिए यह बात भी सामने आई है कि ट्रायल सफल होने की दशा में इसे आगे भी लागू किया जा सकता है।

इस ट्रायल पर डीसीपी का कहना है कि यहाँ की व्यवस्था सफल होने के बाद इंजीनियरिंग कालेज से पालीटेक्निक वाले मार्ग को चिन्हित किया जाएगा। इस क्षेत्र में भी प्लान बनाकर व्यवस्था लागू किए जाने की भी बात कही गई है। इसी क्रम में चौक से परिवर्तन चौराहे वाले मार्ग को चिन्हित किए जाने के साथ यहाँ पर काम किया जा रहा है।

चारबाग रेलवे स्टेशन सहित आसपास के इलाक़ों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू करने पर पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से जाम की समस्या में राहत मिलेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि डीजीपी द्वारा जारी निर्देश के बाद ट्रैफिक पुलिस ने शहर के 12 प्रमुख मार्गों को चिह्नित किया है। यह करीब 175 किलोमीटर वाले ऐसे मार्ग हैं जहां जाम की समस्या सबसे अधिक पाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *