लुसियाना। अमेरिका में बैटन रूज में पुलिस अफसरों पर फायरिंग की वारदात में तीन पुलिस वालों की मौत हो गयी। जबकि 5 अफसर घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की ये घटना पुलिस हेडक्वाटर के पास हुयी। बताया जा रहा है कि लुइसियाना स्टेट के एक शॉपिंग सेंटर में 8 पुलिसवालों को गोली मारी गई है। तीन की मौके पर ही मौत हो गई। लोकल मीडिया के मुताबिक, काले कपड़ों में आए एक नकाबपोश ने पुलिसवालों को निशाना बना कर फायरिंग की। पुलिस ने उसे भी मार गिराया।
अमेरिकी मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक ओरलैंडो पुलिस ने ट्वीट किया है कि पुलिस हेडक्वार्टर के पास गोलीबारी हुई है। इस घटना को एक हमलावर ने असॉल्ट राइफल से अंजाम दिया। एयरलाइन हाईवे के पास स्थानीय लोगों ने काफी देर तक गोलियां चलने की आवाज सुनी। हमलावर के पकड़ में न आने के चलते पुलिस ने स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी है। मौके पर बम स्क्वॉड की टीम ने छानबीन शुरू कर दी। गौरतलब है कि बैटन रूज में पिछले हफ्ते कथित पुलिस अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। घटना को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।