लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का तीसरा चरण हुआ शुरू

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे चरण का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके तहत पिपराघाट से शहीद पथ के बीच निर्माण कार्य कराया जाएगा।

लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का तीसरा चरण हुआ शुरू

पिपराघाट से शहीद पथ के बीच प्रस्तावित ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे चरण में करीब 5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का निर्माण होना है। इसके बनने से कैंट क्षेत्र से अयोध्या रोड और कानपुर रोड की ओर जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जिससे यह दूरी अब कुछ ही मिनटों में तय की जा सकेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्माणाधीन रूट का निरीक्षण किया और पिपराघाट के पास रेलवे क्रॉसिंग पर वीआईपी स्पर बनाने और दिलकुशा रोड के चौड़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने छावनी बोर्ड से एनओसी लेकर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने की बात भी कही। गौरतलब है कि यह आरओबी करीब 240 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा होगा।

एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि जिन किसानों की जमीन इस परियोजना में ली जाएगी, उन्हें लैंड पूलिंग नीति के तहत वेलनेस सिटी में निःशुल्क भूमि दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि मौके पर साइट ऑफिस बनाया जाए, जहां अर्जन विभाग के अधिकारी किसानों से सीधे बातचीत कर भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का निस्तारण करें।

मिडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बरसात से पहले लैंड फिलिंग का काम पूरा किया जाएगा। बंधे की मजबूती के लिए किनारों पर स्टोन पिचिंग भी कराई जाएगी।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम से किसान पथ के बीच प्रस्तावित ग्रीन कॉरिडोर के एलाइनमेंट का भी निरीक्षण किया गया।

गौरतलब है कि दिलकुशा रोड से ग्रीन कॉरिडोर को जोड़ने वाली सड़क करीब 9 मीटर चौड़ी है। ग्रीन कॉरिडोर शुरू होने के बाद यहां बढ़ने वाले ट्रैफिक की वजह से सड़क का चौड़ीकरण पहले ही किए जाने की बात कहै गई है।

परियोजना के तहत पिपराघाट से आर्मी लैंड के नाले तक 2.8 किलोमीटर और आर्मी लैंड नाले से शहीद पथ तक 2.5 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच में 4-लेन बंधा बनाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मौके पर मिट्टी भराई का काम भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *