अमरीका के विभिन्न शहरों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के खिलाफ ‘नो किंग्स’ नाम से एक राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इस प्रदर्शन में लाखों लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। इसके अलावा छोटे शहरों में भी दर्जनों रैलियाँ निकाले जाने की खबर है।

सीएनएन की एक रिपोर्ट से पता चलता है कि देश भर में 2,500 से ज़्यादा प्रदर्शनों की उम्मीद है, जिनमें लाखों लोग भाग लेंगे। शनिवार को लाखों अमरीकी सड़कों पर आ गए और नो किंग्स ने नारों के साथ मार्च किया। ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद यह तीसरा बड़ा प्रदर्शन है।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के मुताबिक़, नो किंग के नाम से बुलाए गए इस प्रदर्शन का असर केवल अमरीका तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि कनाडा और पूरे यूरोप में इसकी गूंज सुनाई दी। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमरीका के तेजी से अधिनायकवाद की तरफ बढ़ने की निंदा की।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हुए। इनके हाथों में नारों से लिखे बैनर ले रखे थे। वहीं, बोस्टन, अटलांटा और शिकागो में हजारों की संख्या में लोगों ने रैलियां की। प्रदर्शनकारियों ने वॉशिंगटन और लॉस एंजेलिस शहर में मार्च किया और कई रिपब्लिकन नेतृत्व वाले राज्यों में राजधानियों के बाहर सार्वजनिक स्थानों पर धरना दिया।
इस प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप तानाशाही और सैन्य दमन की ओर बढ़ रहे हैं। अमरीकी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए की गई छापेमारी और विभिन्न राज्यों में सेना की तैनाती को लेकर जनता में गहरा रोष है।
अमरीकी मीडिया के अनुसार, ट्रंप प्रशासन की नीतियों के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन तेज़ हो रहे हैं और विरोध प्रदर्शनों का दायरा बढ़ने की संभावना है। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने इन प्रदर्शनों को हेट अमरीका वाली रैलियां बताया है।
ट्रंप के इस साल राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद से यह तीसरा बड़ा सामूहिक प्रदर्शन माना जा रहा है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब अमरीका शट डाउन का सामना कर रहा है जिसने संघीय कार्यक्रमों और सेवाओं को बंद कर दिया है।
गौरतलब है कि ये विरोध प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहे हैं जब संघीय सरकार बंद की स्थिति में है, रिपब्लिकन सांसदों और व्हाइट हाउस का बजट विधेयक पर डेमोक्रेट्स के साथ गतिरोध चल रहा है, जिससे सरकारी कामकाज ठप्प हो गया है।








