नाइजर में सेना ने राष्ट्रपति बज़ौम की सरकार को उखाड़ फेंका

अफ्रीकी देश नाइजर में सेना ने तख्तापलट कर राष्ट्रपति मोहम्मद बज़ौम की सरकार को उखाड़ फेंका है। अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के मुताबिक, नाइजर सेना ने राष्ट्रीय टीवी चैनल पर सरकार को उखाड़ फेंकने की घोषणा की।

नाइजर में सेना ने राष्ट्रपति बज़ौम की सरकार को उखाड़ फेंका

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि नाइजर सेना के कर्नल ने 9 अन्य सैनिकों के साथ टीवी पर घोषणा की कि हमने इस सरकार को खत्म करने और देश के संविधान को भंग करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि देश की सभी संस्थाओं को निलंबित कर और सीमाएं बंद कर कर्फ्यू लगा दिया गया है।

पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में गुरुवार को सेना द्वारा हुए तख्तापलट में कुछ हथियार बंद सैनिक राष्ट्रपति भवन में घुसे और उन्होंने यहां पर कब्जा कर लिया। जानकारी के मुताबिक़ राष्ट्रपति मोहम्मद बाज़ौम को सत्ता से हटाकर कैद कर लिया।

न्यूज एजेंसी रायटर्स से मिली जानकारी के अनुसार सेना ने तख्तापलट का ऐलान नेशनल टीवी पर आकर किया। कर्नल अमादौ अब्द्रमाने अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ टेलीविज़न पर आए और राष्ट्रपति को सत्ता से बेदखल किये जाने की बात कही।

अपने सन्देश में कर्नल ने आगे कहा, बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और खराब शासन के कारण हम राष्ट्रपति शासन को समाप्त कर रहे हैं। अब्द्रामने ने कहा कि नाइजर के बॉर्डर सील हैं। पूरे देश में कर्फ्यू घोषित है और सभी सरकारी दफ्तरों को सस्पेंड कर दिया गया है।

इस दौरान अमेरिकी प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने नाइजर के राष्ट्रपति को हरसभंव मदद देने की बात कही है। वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति से बात की है और उन्हें संयुक्त राष्ट्र का पूरा समर्थन देने की पेशकश की है।

हालांकि, नाइजर की सेना ने किसी भी विदेशी हस्तक्षेप के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि वे अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

बुर्किना फासो की सेना ने जनवरी 2022 में राष्ट्रपति रोच काबोरे को इस्लामी आतंकवादियों द्वारा हिंसा को रोकने में विफल रहने का दोषी ठहराते हुए पद से हटा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *