राज्यसभा में सुषमा को ग़ुस्सा आया- कुलभूषण जाधव के परिवार की मुलाकात को पाक ने प्रोपगेंडा के तौर पर इस्तेमाल किया

 इस्लमाबाद में क्रिमसम डे के दिन कुलभूषण जावध से मुलाकात के दौरान उनके परिवार को पाकिस्तान की तरफ से किए गए अपमान को सुषमा स्वराज ने एक प्रोपगेंडा करार दिया।

राज्यसभा में जाधव के मुद्दे पर सदन में बोलते हुए विदेश मंत्री ने कहा ना सिर्फ जाधव की पत्नी बल्कि उनके मां का भी मंगलसूत्र, चूड़िया और बिदीं उतरवाई गई और जाधव के सामने उन दोनों को विधवा की तरह पेश किया गया।

इससे ज्यादा नहीं गिर सकता पाकिस्तान

सुषमा स्वराज ने कहा कि पाकिस्तान इससे ज्यादा शर्मनाक और कुछ नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस बारे में हमने राजनयिक स्तर पर कड़ी आपत्ति जताई है।

उन्होंने कहा कि हमने कल ही पाकिस्तान को इस बारे में नोट भेजा है। सुषमा ने कहा कि मुलाकात के वक्त जाधव काफी दबाव में थे। उन्होंने कहा कि जूती में जिस चिप की बात पाकिस्तान कर रहा है वह बेबुनियाद है। जूते के जरिए जासूसी का आरोप पूरी तरह से गलत है। विदेशमंत्री ने कहा कि परिवार तक मीडिया को पहुंचने की इजाजत नहीं थी।

जाधव की हालत ठीक नहीं

सुषमा स्वराज ने कहा कि उन्हें जाधव की पत्नी ने बताया कि वह अस्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि कुलभूषण जाधव को राहत देने की पूरी कोशिश करेगी सरकार। सुषमा ने कहा कि मुलाकात में मानवाधिकार का उल्लंघन हुआ है।

ये देश की हर मां-बहन का अपमान है

इसके बाद जाधव मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने राज्यसभा में बोलते हुए इसे देश की हर मां और बहन का अपमान करार दिया।
इससे पहले बुधवार को कुलभूषण जाधव की अपनी पत्नी और मां से इस्लामाबाद में हुई मुलाकात के दौरान पाकिस्तान द्वारा लगाई गई पाबंदियों को लेकर आज यहां उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पाकिस्तान की निंदा की। वहीं, सपा के एक नेता ने यह कह कर एक विवाद छेड़ दिया कि पाकिस्तान कुलभूषण जाधव को आतंकी मानता है और वह उनके साथ उसी हिसाब से व्यवहार कर रहा है।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जाधव की अपनी पत्नी और मां से इस्लामाबाद में हुई मुलाकात दौरान पाकिस्तान द्वारा लगाई गई पाबंदियों को आज ‘अमानवीय करार देते हुए कहा कि इसने भारतीयों की भावनाओं को आहत किया है। नायडू ने पाबंदियों का जिक्र करते हुए कहा कि जाधव की पत्नी को मंगल सूत्र उतारने के लिए कहा जाना भारत के लोगों को अच्छा नहीं लगा। कांग्रेस ने कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी को परेशान करने पर आज पाकिस्तान की निंदा की और कहा कि यह हर भारतीय का ”अपमान है ।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, ”भारतीय के तौर पर हम इसका कड़ा विरोध करते हैं और पाकिस्तानी सरकार की इस हरकत की कड़ी निंदा करते हैं । हम सदन के पटल पर कल इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहेंगे, अपनी नाखुशी जाहिर करना चाहेंगे । यह सबसे अहम मामला है, जिसके कारण हम नहीं चाहते कि गतिरोध जारी रहे ।

उधर, भुवनेश्वर में विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जाधव की मां और पत्नी को पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित करना भारत की 50 करोड़ महिलाओं का अपमान है। जाधव के मित्र तुलसी दास पवार ने कहा, ”पाकिस्तानी अधिकारी कांच की दीवार के पार मुलाकात से पहले कुलभूषण की पत्नी से मंगलसूत्र और चूड़ियां कैसे उतरवा सकते हैं। उन्होंने जाधव के परिवार के साथ अपमानजनक बर्ताव करने के लिए भारत से मुहतोड़ जवाब देने को कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पाकिस्तान के साथ कड़ाई से पेश आना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *