बॉलीवुड की मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान ने नई पीढ़ी के एक्टर्स में सेल्फ-कॉन्फिडेंस की भारी कमी की बात सामने रखी है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फराह खान ने नए एक्टर्स के बर्ताव को देखते हुए कहा कि अब बॉलीवुड में सुपरस्टार्स का दौर खत्म हो रहा है।
नए कलाकारों से नाराज़ फराह खान ने उनके तौर तरीकों पर ही तंज़ कर डाला है। हाल ही में उन्होंने कहा कि नए कलाकारों में खुद पर और फिल्म निर्माण की प्रक्रिया पर आत्मविश्वास की कमी है। उन्होंने कास्टिंग, संगीत और कोरियोग्राफी में दखल देने के लिए उनकी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि शाहरुख खान, सलमान खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार बॉलीवुड के आखिरी सुपरस्टार हैं, उनके बाद यह सुनहरा दौर खत्म हो जाएगा।फराह खान ने बताया कि नए एक्टर्स फिल्म डायरेक्शन, कोरियोग्राफी, म्यूजिक और कास्टिंग जैसे मामलों में बेवजह दखल देते हैं, यहां तक कि उन्हें सेट पर डायलॉग भी याद नहीं रहते।
ख़बरों के मुताबिक़, नाराज़गी के साथ उन्होंने कहा कि इसकी तुलना में शाहरुख, अमिताभ बच्चन, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे सीनियर एक्टर्स को हमेशा डायरेक्टर के विजन और फिल्ममेकिंग पर पूरा भरोसा रहता है। फराह खान ने आगे कहा कि शाहरुख खान ने फिल्म ‘मैं हूं ना’ में सुष्मिता सेन और ‘ओम शांति ओम’ में नई लड़की दीपिका पादुकोण की कास्टिंग में डायरेक्टर की पसंद पर पूरा भरोसा किया और कभी इस पर सवाल नहीं उठाया।
उन्होंने कहा कि आज भी पुराने सुपरस्टार उतनी ही मेहनत करते हैं जितनी उन्होंने अपनी पहली फिल्म में की थी। वह बताती हैं कि सलमान खान ने कभी संडे को शूटिंग करने से मना नहीं किया और न ही काम से छुट्टी मांगी।
फराह खान ने यह भी कहा कि दूसरी तरफ, आज के नए एक्टर सेट पर आने के बाद स्क्रिप्ट और सीन में बदलाव की मांग करते हैं, उनका फोकस सिर्फ मैगज़ीन कवर और अवॉर्ड नाइट्स पर होता है, उनके पास अच्छी फिल्में भी नहीं होतीं।