देश इस समय पहाड़ों से लेकर मैदानों तक भीषण ठंड की चपेट में है। मौसम की मार से जहाँ एक ओर जनजीवन अस्त-व्यस्त है वहीँ पर्यटक बर्फ़बारी वाले इस मौसम का आनंद लेने के लिए दूर दराज से पहुँच रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह तापमान करीब तीन डिग्री तक और गिरेगा।

भीषण ठंड के साथ उत्तर प्रदेश के कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। प्रयागराज व अयोध्या में रात और सुबह के समय घना कोहरा बना रहता है, जबकि वाराणसी में शीतलहर से लोग परेशान हैं। आगरा, कानपुर में दृश्यता शून्य मीटर रही।
कश्मीर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की चोटियों पर बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। ऐसे में उत्तर भारत में अब गलन वाली ठंड पड़नी शुरू हो गई है। कई इलाकों में नदी-नाले और जलस्रोत जम गए हैं।
हिमाचल सहित कश्मीर में पारा फ्रीजिंग पॉइंट पर पहुंच चुका है। हिमाचल के किन्नौर के पूह की नाको झील पूरी तरह जम गई है। यहां पर्यटक झील पर स्केटिंग का आनंद ले रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित मैदानी इलाक़ों में भी बर्फीली हवाओं के साथ कोहरे का कहर भी बना हुआ है। इस तरह मौसम की मार से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेल से लेकर प्लेन के सफर पर असर पड़ा है। अगले चार-पांच दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से 11-12 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। गंगोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ और पिथौरागढ़ जैसे क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और पाले के कारण नदियां, नाले और झरने जम गए हैं। एक ओर केदारनाथ धाम की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं।
कश्मीर में गिरे परे ने ठंड बढ़ा दी है। रविवार को सबसे ठंडा गुलमर्ग रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि श्रीनगर में माइनस 3.2 डिग्री रहा। रविवार को दोपहर में धूप तो निकली पर ठंडी हवा के आगे बेअसर लगी। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री रहा। शोपियां में तापमान में गिरावट से जलस्रोत जम गए हैं।
घाटी में न्यूनतम तापमान ने जलस्रोतजमा दिए हैं जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए बहुत परेशानी हो रही है। इस सप्ताह तापमान में और तीन डिग्री की गिरावट संभावना है। हिमाचल के चंबा जिले के दुर्गम जनजातीय क्षेत्र पांगी समेत कई इलाकों में भारी हिमपात हुआ है। घने कोहरे के कारण रेल सेवाएं प्रभावित हैं।
उत्तर भारत और उससे सटे मध्य भारत में मौसम विभाग ने सात दिनों के दौरान में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। सोमवार को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी यूपी और बिहार के कुछ इलाकों में भीषण शीतलहर चल सकती है। जनवरी की 5-10 के दौरान पश्चिम और पूर्वी राजस्थान में और 6-7 जनवरी के दौरान झारखंड में शीतलहर चलने की संभावना है।
