शहर का मौसम मई में भी खुशनुमा बना हुआ है

प्रदेश में अप्रैल के अंत और मई के पहले सप्ताह का मौसम ऐसा रहा जिसकी कभी उम्मीद भी नहीं की जा सकती थी। उत्तर प्रदेश में इस बदलते मौसम में लखनऊ सहित कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और तेज हवाओं का माहौल बना हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की सम्भावना है। वहीं 8 मई के बाद प्रदेश के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की भी उम्मीद जताई गई है। इन सबके बीच अच्छी खबर यह है कि अगले कुछ दिनों तक लू जैसी स्थिति से छुटकारा मिलेगा।

आज यानी गुरुवार की सुबह भी एक बार फिर से मौसम में बदलाव के बाद सुबह चार बजे से आंधी और बारिश शुरू हुई। यह मौसम लगभग पूरे शहर में पाया गया। अलबत्ता बारिश कहीं कम और कहीं ज़्यादा रही। फिलहाल इस बीच पारा गिर कर मई की गर्मियों के एहसास को बहुत दूर पहुंचा चुका है।

हालाँकि बुधवार को दिन चढ़ने के साथ पारे में 5.3 डिग्री का उछाल आया। इस बीच मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के जारी रहने के संकेत दिए हैं। साथ ही हवा में मौजूद नमी के कारण उमस भरी गर्मी के असर भी बनेंगे।

लखनऊ में आज के मौसम मौसम पर विभाग का कहना है कि यहाँ अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। नमी का स्तर 29 % है, वहीं वायुमंडलीय दबाव 1009 के स्तर पर है। सूर्योदय का समय प्रातः 05:24 बजे है, जबकि सूर्यास्त शाम 06:41 बजे होगा।

इस बीच शहर की आबोहवा के हवाले से आज के वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर 188 है। बारिश के कारण एक्यूआई कुछ घटा है मगर फिर भी यह खराब (Poor) श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग की ओर से 7 मई के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। इसी वजह से अचानक मौसम बदलने और तेज आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग द्वारा चेतावनी दी गई है कि अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।इस बीच यह रफ़्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच कर हवा के झोंकों में बदल सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि, 8 मई के बाद प्रदेश के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने और आसमान साफ होने के बाद गर्मी का असर बढ़ेगा। हालांकि अभी प्रदेश में लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *