देश के उत्तरी राज्यों में आंधी तूफान की चेतावनी

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तरी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आंधी तूफान की चेतावनी जारी की है।

विभाग की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ आंधी आने की चेतावनी जारी की गई है। इसकी वजह से हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ स्थानों पर भी धूल भरी आंधी आने की आशंका है। इसका असर पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी देखने को मिलेगा।

 

इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उड़ीसा, पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों, केरल और अंदरूनी कर्नाटक के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई है। जबकि राजस्थान में धूल भरी आंधी और असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है।

 

मौसम विभाग ने विदर्भ के कुछ इलाकों में गर्मी आज भी अधिक रहने की आशंका जताई है, लेकिन उत्तर भारत के लगभग सभी इलाकों में तापमान की गिरावट के मद्देनजर गर्मी का असर कम रहने की संभावना व्यक्त की है।

विभाग ने मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के तमाम इलाकों में आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने के बावजूद राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, भीतरी महाराष्ट्र के सभी इलाकों और तेलंगाना, रायलसीमा तथा भीतरी उड़ीसा के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो कि कल की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *